scorecardresearch
 

Russia Ukraine War: बरस रही थीं पुतिन की मिसाइलें... सिहर उठा एक्टर, छिपने पर हुआ मजबूर

Game of Thrones में Jaime Lannister का किरदार निभाने वाले Nikolaj Coster-Waldau को यूक्रेन के कीव में रूसी हमले के खतरे के बीच मेट्रो स्टेशन पर रात गुजारनी पड़ी. एक्टर ने तस्वीरें शेयर कर बताया कि युद्ध के बीच आम लोगों की जिंदगी कितनी मुश्किल हो गई है.

Advertisement
X
कीव में फंसे Game of Thrones स्टार! (Photo: Reuters)
कीव में फंसे Game of Thrones स्टार! (Photo: Reuters)

'गेम ऑफ थ्रोन्स' में जेमी लेनिस्टर (Jaime Lannister) का दमदार किरदार निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाने वाले एक्टर निकोलज कोस्टर वाल्डू (Nikolaj Coster-Waldau) इन दिनों यूक्रेन में हैं. लेकिन इस बार वह किसी फिल्म या सीरीज की शूटिंग के लिए नहीं, बल्कि युद्ध की भयावह हकीकत को करीब से देखने पहुंचे हैं. यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा इतना बढ़ा कि एक्टर को स्थानीय लोगों के साथ मेट्रो स्टेशन में रात गुजारनी पड़ी.

डेनमार्क के 56 साल के एक्टर निकोलज संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के गुडविल एंबेसडर के तौर पर युद्ध प्रभावित यूक्रेन के दौरे पर हैं. बुधवार रात जब कीव में रूसी हमले का अलर्ट जारी हुआ, तो उन्हें भी आम नागरिकों की तरह सुरक्षित ठिकाने की तलाश में मेट्रो स्टेशन पहुंचना पड़ा.

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में एक्टर मेट्रो स्टेशन के अंदर खाट पर आराम करते नजर आए. उन्होंने नीले रंग की UNDP हुडी, खाकी पैंट और काले जूते पहन रखे थे. उनके पास एक बैकपैक और जरूरी सामान से भरा बैग भी दिखाई दिया.

'काफी मुश्किल रात थी...', एक्टर ने बयां किया अपना अनुभव

निकोलज ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी इस रात का अनुभव साझा किया. उन्होंने लिखा, "कीव मेट्रो में रात बिताई. काफी मुश्किल रात थी." हालांकि, एक्टर ने यह भी साफ किया कि उनके लिए यह सिर्फ एक रात का अनुभव था, लेकिन यूक्रेन के हजारों लोगों की जिंदगी में ऐसी रातें अब मजबूरी बन चुकी हैं.

Advertisement

उन्होंने आगे लिखा- मैं एक रात यहां गुजारकर इसकी कहानी बता सकता हूं, लेकिन हजारों यूक्रेनियों के लिए गोलाबारी के दौरान सुरक्षित रहने का यही एक जरूरी तरीका है. हमें आम नागरिकों की मदद जारी रखनी चाहिए और उन नियमों का सम्मान करना चाहिए, जिन पर हम सभी सहमत हैं.

एक्टर ने कीव में जारी एयर रेड अलर्ट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया. उनके मुताबिक, 27 से 29 अक्टूबर तक लगातार तीन दिनों तक शहर में रेड अलर्ट का माहौल बना रहा.

आखिर यूक्रेन क्यों पहुंचे हैं 'जेमी लेनिस्टर'?

निकोलज का यूक्रेन दौरा सिर्फ एक औपचारिक यात्रा नहीं है. वह रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान आम लोगों की मुश्किलों की ओर दुनिया का ध्यान खींचना चाहते हैं. रॉयटर्स के साथ साझा किए गए एक वीडियो में एक्टर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यूक्रेन की स्थिति नहीं भूलनी चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि सर्दियां करीब आने के साथ यूक्रेन को बाहरी मदद की और ज्यादा जरूरत है.

एक्टर ने कहा, "वे शानदार तरीके से हालात का सामना कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मदद की जरूरत है. खासकर अब, जब सर्दियां करीब आ रही हैं."

निकोलज ने मेट्रो स्टेशन पर बिताई रात (Photo: Reuters)

2016 से UNDP के गुडविल एंबेसडर हैं एक्टर

Advertisement

निकोलज साल 2016 से संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के गुडविल एंबेसडर हैं. इस भूमिका में वह जलवायु परिवर्तन से निपटने और लैंगिक समानता जैसे मुद्दों से जुड़ी पहलों का समर्थन करते रहे हैं. वहीं, एक्टिंग की दुनिया में उनकी सबसे बड़ी पहचान HBO की मशहूर फैंटेसी सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स है. साल 2011 से 2019 तक चले इस शो में उन्होंने जेमी लेनिस्टर का किरदार निभाया था. 

इस भूमिका के लिए उन्हें 2018 और 2019 में ड्रामा सीरीज के बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर कैटेगरी में एमी अवॉर्ड के लिए भी नॉमिनेशन मिला था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement