फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपनी भव्यता, बड़े सितारों और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के कारण छाई हुई है.इन सब के बीच एक मासूम चेहरा अपनी सादगी और बेहतरीन एक्टिंग से ऑडियंस के दिलों में खास जगह बना रहा है. हम बात कर रहे हैं अहिदा सरमाई की, जिन्होंने फिल्म में मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) की बेटी का किरदार निभाया है.
अहिदा की मासूमियत और स्क्रीन प्रेजेंस ने इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में एक इमोशनल गहराई जोड़ दी है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं.
रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल जैसे मंझे हुए कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करना किसी भी नए कलाकार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन अहिदा ने इसे कर दिखाया. अर्जुन रामपाल की बेटी के रूप में उनका रोल कहानी का एक बेहद इमोशनल हिस्सा है.
अहिदा डाउन सिंड्रोम से पीड़ित हैं. इसके बावजूद, उन्होंने अपने काम को इतने जबरदस्त आत्मविश्वास और लगन के साथ अंजाम दिया कि उनकी परफॉर्मेंस के आगे हर बाधा छोटी नजर आई.
थिएटर और पेंटिंग में भी बिखेरा है जलवा
अहिदा सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं है. वह एक एक्टिव थिएटर आर्टिस्ट हैं और 'रामायण', 'आशा की किरण' और 'वो खुला आसमान' जैसे मशहूर स्टेज नाटकों का हिस्सा रह चुकी हैं. एक्टिंग के साथ-साथ उन्हें पेंटिंग का भी बेहद शौक है. उनकी बनाई हुई कलाकृतियों की प्रदर्शनी राष्ट्रपति भवन और मुंबई के प्रतिष्ठित नेशनल सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स (NCPA) जैसे स्थानों पर लग चुकी है.
अहिदा की उपलब्धियों की लिस्ट काफी लंबी है. वह 'मिस इंडिया (डाउन सिंड्रोम) 2022' की रनर-अप रह चुकी हैं और 'मिस दिल्ली (विशेष बच्चे) 2024' में भी उन्होंने रनर-अप का खिताब अपने नाम किया है. 'धुरंधर 2' से पहले उन्होंने 'मकतूब' और 'बेबाकीन' जैसी शॉर्ट फिल्मों में भी काम किया है, जो जल्द ही रिलीज होने वाली हैं.
अहिदा की मां ने क्या बताया?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अपनी बेटी के अनुभव के बारे में बताते हुए अहिदा की मां, सुप्रेना सरमाई इमोशनल हो गई. उन्होंने कहा, 'आदित्य धर ने अहिदा के लिए कितना अच्छा माहौल बनाया था. वह बहुत धैर्यवान और समझदार थे, और उन्होंने यह पक्का किया कि अहिदा सहज महसूस करे. आदित्य ने अहिदा पर शूट से पहले अपनी लाइनें याद करने का दबाव नहीं डाला. इसके बजाय, उन्होंने शूट के दिन ही उसे गाइड करने का फैसला किया. इससे बहुत फर्क पड़ा.'
धुरंधर में कैसे हुआ सिलेक्शन?
अहिदा के धुरंधर में शामिल होने के पीछे भी दिलचस्प वजह है. इंस्टाग्राम के जरिए अहिदा पर मुकेश छाबड़ा की कास्टिंग एजेंसी की नजर पड़ी. धुरंधर फिल्म के गाने 'शरारत' पर डांस करते हुए उसका एक वीडियो उनकी नजर में आया, जिसके बाद कास्टिंग प्रोफेशनल पंकज रौतेला ने उसे फोन किया.
इसके बाद, अहिदा को ऑडिशन के लिए बुलाया गया. ऑडिशन देने के लगभग तुरंत बाद ही, यानी अगले ही दिन उसे वो रोल मिल गया.