बॉलीवुड एक्टर गोविंदा भले ही स्क्रीन से दूर हैं, मगर उनकी पत्नी सुनीता आहूजा रियलिटी शो 'लॉक अप' में धमाल मचा रही हैं. सुनीता का बेबाक अंदाज लोगों को पसंद आ रहा है. शो में वो अक्सर गोविंदा संग अपनी मैरिड लाइफ पर भी बात करती हुई दिखाई दे रही हैं. अब एक बार फिर वो पति गोविंदा के चीटिंग रूमर्स पर चर्चा करती दिखीं.
पति गोविंदा के बारे में बोलीं सुनीता
लॉक अप के लेटेस्ट एपिसोड में सुनीता आहूजा से श्रेया कालरा ने पूछा कि उन्होंने बेवफ़ाई को लेकर जो बातें मीडिया में कही हैं तो उन्हें कैसे फील हुआ कि शादी में उन्हें धोखा मिला है? श्रेया की इस बात पर सुनीता ने बिना किसी फिल्टर के खुलकर बेबाकी से अपनी राय सामने रखी.
सुनीता बोलीं- हुआ भी है तो अभी क्या कर सकते हैं. शुरू से ही हुआ है न लेकिन. हीरो है तो आप कुछ कह नहीं सकते. इस उम्र में अभी सोचूंगी तो डायबिटीज और बढ़ेगी. जैसे चल रहा है चलने दो. श्रेया ने इस बात पर उनसे पूछा- क्या आपको बुरा फील नहीं होता? इसपर सुनीता ने कहा- कोई नहीं. मैं अपने बच्चों के लिए जीती हूं.
अलग-अलग घर में रहते हैं सुनीता-गोविंदा
श्रेया ने आगे सुनीता से पूछा कि उन्हें क्या लगता है, क्या उन्हें अभी भी धोखा मिल रहा है? इसपर सुनीता ने कहा- क्या आप रोक सकते हो किसी को. मैं 24 घंटे सामने जाकर तो नहीं बैठ सकती. फिर सामने वाला भी तो इरिटेट हो जाएगा. इसलिए मैं अब सोचती नहीं हूं.
सुनीता आगे बोलीं- हमारे दो घर हैं. उनके घर में उन्हें मिलने बहुत लोग आते हैं. मेरे घर में मुझे प्राइवेसी चाहिए.
श्रेया ने सुनीता से ये भी पूछा कि क्या कभी उन्होंने किसी और संग रिश्ते के बारे में सोचा? इसपर गोविंदा की पत्नी ने जवाब दिया- ये सब करने की अब मेरी उम्र नहीं है. मुझे ये सब पसंद नहीं है. जितना मिला मैं उससे खुश हूं.
बता दें कि शो के पहले दिन भी सुनीता पति गोविंदा के अफेयर्स पर बात करती दिखी थीं. उन्होंने दावा किया था कि गोविंदा के कई अफेयर्स रह चुके हैं. शो में सुनीता अपनी मैरिड लाइफ को लेकर एक के बाद एक बड़े खुलासे कर रही हैं.