सुप्रीम कोर्ट में चल रहे आवारा कुत्तों को लेकर फैसलों के बीच डॉग लवर्स बहुत दुखी हैं. इन बेजुबान जीवों के लिए जनता का प्रेम सोशल मीडिया पर खूब नजर आ रहा है. इसी बीच सुपरस्टार शाहरुख खान का नाम भी खूब चर्चा में आ गया है. शाहरुख खुद कई बार बता चुके हैं कि वो डॉग लवर हैं और उनके पास हमेशा से पेट्स रहे हैं.
सच्चे शाहरुख फैन्स को तो उनके कई डॉग्स के नाम भी याद हैं— डैश (जापानी चिन), हल्क (लैब्राडोर), काई और जूसी (माल्टीज). शाहरुख को अपने पेट्स से इतना प्यार रहा है कि वो अक्सर उनसे बातें भी करते थे. अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने लगा है, जिसमें शाहरुख की पत्नी गौरी खान के मामा, शाहरुख के डॉग प्रेम की एक कहानी बता रहे हैं.
जब शाहरुख ने कब्र खोदकर निकाली थी अपने डॉग की बॉडी
वायरल वीडियो में गौरी के मामा बता रहे हैं, 'गौरी मेरी भांजी है, मेरी बड़ी बहन की बेटी. मैंने उसे एक डॉग गिफ्ट किया था, एक चाइनीज पेकिंग्से. शाहरुख को भी उस डॉग से बहुत प्यार हो गया था.'
एक बार शाहरुख फिल्म शूट के लिए बाहर गए हुए थे. उनके न रहने पर उस डॉग को कुछ हुआ और वो मर गया. शाहरुख का स्टाफ उसे एक अच्छे कपड़े में लपेटकर समंदर किनारे ले गया और उसके लिए एक कब्र खोदकर उसे दफ्न कर दिया.
गौरी के मामा ने बताया, 'आधी रात के बाद जब शाहरुख वापस आए तो उन्होंने डॉग के बारे में पूछा. उन्हें बताया गया कि उसे दफ्ना दिया गया है. सुबह करीब ढाई बजे उन्होंने अपने एक स्टाफ मेम्बर को उठाकर कहा— मुझे वहां लेकर चलो जहां उसे दफ्नाया है. शाहरुख ने वो कब्र खोदी, डॉग की बॉडी को वापस घर लाए और उसे अपने घर के पीछे वाली जगह पर दफ्न करके वहां एक निशान लगा दिया. और बैठकर रोने लगे'
गौरी के मामा ने बताया कि शाहरुख ने इसके बाद अपने स्टाफ को डांटते हुए कहा— 'तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई जो मेरे डॉग को ऐसे चुपचाप मुझसे दूर कर दिया? वो यहीं रहेगा हमारे पास, चाहे वो जिंदा रहे या नहीं.'
करीब एक दशक पहले गौरी ने एक पुरानी तस्वीर शेयर की थी, जिसमें उनके साथ शाहरुख और एक डॉग भी थे. ये शायद वही चाइनीज पेकिंग्से डॉग है, जिसकी बात गौरी के मामा वायरल वीडियो में कर रहे हैं.
शाहरुख के काम की बात करें तो वो आजकल अपनी अगली फिल्म किंग के लिए शूट कर रहे हैं. इस फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी बड़े पर्दे पर नजर आएंगी. किंग 24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी.