बॉलीवुड के 'सीरियल किसर' इमरान हाशमी की आइकॉनिक फिल्मों में से एक 'आवारापन' के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी और बेहद दिलचस्प खबर आ रही है. साल 2007 में आई इस कल्ट क्लासिक फिल्म के सीक्वल यानी 'आवारापन 2' फिल्म की स्टारकास्ट में अब इंडस्ट्री की सबसे दिग्गज और वर्सटाइल एक्ट्रेसेस में शुमार शबाना आजमी की एंट्री हो गई है. खास बात यह है कि इस बार वह कोई सीधा-साधा रोल नहीं, बल्कि पर्दे पर खौफ पैदा करने वाला एक खतरनाक नेगेटिव किरदार निभाने जा रही हैं.
फिल्म में लीड रोल निभा रहे इमरान हाशमी और दिशा पाटनी के साथ शबाना आजमी का जुड़ना इस बात का साफ इशारा है कि 'आवारापन 2' इस बार बॉक्स ऑफिस पर बड़े धमाके की तैयारी में है. प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने खुद इस खबर पर मुहर लगाते हुए बताया है कि शबाना फिल्म में 'नफीसा' नाम की विलेन के रोल में नजर आएंगी, जो कहानी को एक नया और बेहद डरावना मोड़ देगी.
अंडरवर्ल्ड की लेडी डॉन बनेंगी शबाना आजमी
फिल्म के राइटरल बिलाल सिद्दीकी ने इस नेगेटिव किरदार को बेहद अनोखे ढंग से बुना है. शुरुआत में इस रोल को अंडरवर्ल्ड के एक ऐसे शांत लेकिन बेहद ताकतवर और रसूखदार पुरुष विलेन के तौर पर सोचा गया था, जिसकी एंट्री से मुख्य किरदार शिवम (इमरान हाशमी) की जिंदगी में उथल-पुथल मच जाती है. सिद्दीकी ने इस कैरेक्टर के खौफ और उसकी अहमियत का पूरा खाका तो खींच लिया था, लेकिन पर्दे पर यह किरदार कैसा दिखेगा और दर्शकों पर इसका क्या असर होगा, इसे लेकर थोड़ी कशमकश थी.
विशेष भट्ट के एक आइडिया ने बदल दी पूरी कहानी
इस दुविधा को फिल्म के प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने दूर किया. उन्होंने शिवम की क्राइम और डार्क दुनिया में एक महिला विलेन को लाने का आइडिया दिया, जिसने पूरी स्क्रिप्ट का मिजाज ही बदलकर रख दिया. इसके बाद राइटर ने इस किरदार को एक महिला के रूप में नए सिरे से गढ़ा और नाम दिया 'नफीसा'. विशेष भट्ट का मानना है कि नफीसा के इस दमदार और भारी-भरकम रोल को शबाना आजमी से बेहतर कोई और नहीं निभा सकता था. वह अपनी एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस से इस विलेन के किरदार में एक अलग ही जान और खौफ पैदा करने वाली हैं.
जन्मदिन पर मिला भट्ट कैंप का साथ
शबाना आजमी का इस फिल्म से जुड़ना मेकर्स के लिए किसी तोहफे से कम नहीं था. वह पिछले साल अपने जन्मदिन यानी 18 सितंबर 2025 को ऑफिशियल तौर पर 'आवारापन 2' की टीम का हिस्सा बनीं. इस कास्टिंग के पीछे एक बेहद इमोशनल और पुराना पारिवारिक रिश्ता भी है. भट्ट परिवार और शबाना आजमी का जुड़ाव दशकों पुराना है, जिसे विशेष भट्ट ने करीब से देखा और महसूस किया है. विशेष के मुताबिक, शबाना जी के टीम में आते ही फिल्म के सारे बिखरे हुए टुकड़े अपनी सही जगह पर फिट हो गए.
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को बिलाल सिद्दीकी ने लिखा है और विशेष भट्ट इसके प्रोड्यूसर हैं. फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है, यह फिल्म इसी साल 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. हालांकि, फिल्म में दिशा पाटनी का क्या रोल होगा और इमरान हाशमी के साथ उनकी केमिस्ट्री कैसी दिखेगी, इस पर मेकर्स ने अभी सस्पेंस बरकरार रखा है.
19 साल बाद लौट रहा है शिवम का दर्द
याद दिला दें कि इस फ्रेंचाइजी का पहला पार्ट साल 2007 में रिलीज हुआ था, जिसे महेश भट्ट ने प्रोड्यूस और मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया था. उस फिल्म में इमरान हाशमी के अलावा श्रिया सरन, आशुतोष राणा और मृणालिनी शर्मा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं. फिल्म के गाने, उसकी लव स्टोरी और इमरान का वो गंभीर 'शिवम' वाला अंदाज आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है. अब देखना होगा कि 19 साल बाद आ रहा यह सीक्वल दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.