पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड में एक ऐसा विवाद जारी है, जिसने कई लोगों को परेशान कर दिया. रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच फिल्म डॉन 3 को लेकर बवाल हुआ पड़ा है. रिपोर्ट्स हैं कि रणवीर ने अचानक फिल्म छोड़ने का फैसला लिया, जिससे फरहान और उनकी प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट को काफी नुकसान झेलना पड़ा.
फरहान अख्तर और उनके पार्टनर रितेश सिद्धवानी ने रणवीर सिंह से नुकसान की भरपाई में 40 करोड़ रुपये की मांग की. हालांकि रणवीर ने इसे भरने से इनकार किया. उन्होंने मेकर्स पर स्क्रिप्ट और फिल्म की मेकिंग में हो रही देरी का आरोप लगाया. एक्टर को फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं दी जा रही थी, जिससे उन्हें प्रोजेक्ट को लेकर डर बैठ गया.
फरहान और रणवीर के बीच चल रही इस लड़ाई में प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया को शामिल होना पड़ा. उन्होंने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, मगर कोई रास्ता नहीं निकला था. बात इतनी खराब हो चुकी थी कि लोगों को लगने लगा ये मामला अब कोर्ट में जाकर ही सेटल होगा. मगर अब लगता है कि इस मामले को जल्द सुलझाया जाएगा.
क्या सचमुच हो गई रणवीर-फरहान में सुलह?
फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट अनुसार, रणवीर सिंह फरहान अख्तर और उनकी प्रोडक्शन कंपनी के साथ समझौते के लिए मान गए हैं. उन्होंने अपना साइनिंग अमाउंट लौटाने का फैसला किया है, जो तकरीबन 10 करोड़ रुपये बताया जाता है. इसके अलावा, रणवीर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट को अपनी अगली फिल्म से हिस्सा देने का वादा भी किया है. अब वो कितना हिस्सा देंगे, ये फिलहाल कंफर्म नहीं है. हालांकि ना तो रणवीर सिंह, और ना ही फरहान अख्तर ने अभी तक इस समझौते पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है. ऐसे में इसकी कोई पुष्टि नहीं की जा सकती.
रणवीर सिंह की अगली फिल्म प्रलय होने वाली है, जो एक जॉम्बी-एडवेंचर फिल्म है जिसे जय मेहता बनाने वाले हैं. इसकी शूटिंग भी जल्द शुरू होने वाली है. फिलहाल रणवीर धुरंधर की सक्सेस और दूसरी बार पिता बनने की खुशियां मना रहे हैं. पिछले कुछ महीनों में उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल, दोनों जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है. रणवीर इस समय बॉलीवुड के इकलौते सितारे बन चुके हैं, जिनकी एक फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया हो.