न कोई ऑटोग्राफ, न कोई फोटो, एक बार एक फैन चुपके से शाहरुख खान के घर 'मन्नत' में घुस गया था, सिर्फ़ उनके स्विमिंग पूल में नहाने के लिए. यह बात सुपरस्टार ने अपनी पसंदीदा कहानी सुनाते हुए बताई थी. अब सालों बाद इस बात का खुलासा हो गया है कि आखिर वो फैन कौन था.
हाल ही में 'Happiness With Mansi' पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर पुनीत सुपरस्टार ने इस पुरानी घटना को लेकर बड़ा दावा किया है.
पुनीत ने बताया कि वह शाहरुख खान के इतने बड़े दीवाने थे कि उन्हें बस यह देखना था कि आखिर किंग खान नहाते कहां हैं? जब उन्हें पता चला कि मन्नत के आंगन में एक शानदार स्विमिंग पूल है, तो उन्होंने ठान लिया कि उन्हें भी उसी पानी में नहाना है. पुनीत ने बताया कि वह किसी तरह मुंबई पहुंचे और मन्नत की दीवारें फांदकर अंदर घुसने में कामयाब रहे. हालांकि, पूल में नहाने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें दबोच लिया था.
पुनीत सुपरस्टार ने क्या बताया?
पुनीत ने इस किस्से का एक और दिलचस्प पहलू शेयर किया. उन्होंने बताया कि जब गार्ड्स ने उनसे पूछा कि वह अंदर कैसे घुसे, तो उन्होंने साफ कह दिया कि वह शाहरुख के फैन हैं और बस उनके पूल में नहाना चाहते थे. जब इसकी जानकारी खुद शाहरुख खान को दी गई, तो किंग खान ने दरियादिली दिखाते हुए कहा कि उस लड़के को अंदर लेकर आओ, मैं उससे मिलना चाहता हूं. लेकिन पुनीत का जवाब और भी हैरान करने वाला था. उन्होंने गार्ड्स से कहा, 'मुझे शाहरुख-वारुख से नहीं मिलना, मेरा काम हो गया, मैं तो बस नहाने आया था.'
शाहरुख ने भी सुनाया था किस्सा
यह केवल पुनीत का दावा नहीं है, बल्कि खुद शाहरुख खान ने भी साल 2016 में 'आप की अदालत' कार्यक्रम में इस घटना की पुष्टि की थी. शाहरुख ने बताया था कि एक बार जब कुछ पत्रकार उनके घर इंटरव्यू के लिए आए थे, तभी एक अजनबी सुरक्षा तोड़कर अंदर आ गया. उस आदमी ने आव देखा न ताव, अपने कपड़े उतारे और सीधे पूल में छलांग लगा दी. शाहरुख ने याद करते हुए कहा था कि वह शख्स एक पूरी लंबाई तक तैरा और बाहर आकर गार्ड्स से बोला, 'अब मैंने उस पानी में नहा लिया है जिसमें शाहरुख नहाते हैं, अब मेरा सपना पूरा हुआ और मैं जा रहा हूं.' शाहरुख उस वक्त इस सनकी फैन की बात सुनकर दंग रह गए थे.
काम की बात करें तो, खान सिद्धार्थ आनंद की आने वाली एक्शन फिल्म 'किंग' में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी और अन्य कलाकार भी होंगे. यह फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.