31 मई की रात विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने दूसरी बार IPL का खिताब जीता था. सोशल मीडिया पर हर किसी ने इस जीत का जश्न मनाया, मगर एक्ट्रेस नुसरत भरूचा RCB की जीत के कारण ट्रोल हो गईं. उनकी इंस्टा स्टोरी अचानक चर्चा में तब आई, जब उसमें सुनाई देने वाली आवाज को लोगों ने नोटिस किया.
नुसरत ने जो वीडियो RCB की जीत पर शेयर किया था, उसमें बैकग्राउंड में काफी अजीब-अजीब आवाजें सुनाई दे रही थीं. हालांकि फिर ये वीडियो हटाया गया. कई लोगों ने इसे गलत तरीके से लिया. लेकिन असलियत में वो आवाज एक्ट्रेस के पालतू कुत्ते से आ रही थी. नुसरत ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए इस पूरी घटना को दुखद बताया था. उन्हें इस गलतफहमी से काफी परेशानी उठानी पड़ी थी.
नुसरत को लेकर फैलाया गया झूठ
अब नुसरत ने HT से बातचीत में अपने वायरल मोमेंट पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि कैसे एक घटना ने उन्हें और उनके परिवार पर बुरा असर डाला. वो इंटरनेट पर अपने बारे में कुछ भी पढ़ने या देखने से भी डर गई थीं. नुसरत ने कहा- सच बात तो ये है कि मुझे यकीन ही नहीं हुआ. वो एकदम नॉर्मल और खुशी भरा पल था. मैं अपने दोस्त के घर मैच देख रही थी, और पीछे कहीं पिल्ला रो रहा था. लेकिन जब मैंने देखा कि वो बात अचानक बुरी और गंदी हो गई, और वो कितनी तेजी से फैल गई, तो मुझे बहुत बुरा लगा, जैसे कोई हमला हो गया हो. झूठ को इतनी तेजी से फैलते देखना बहुत अजीब सी लाचारी का एहसास कराता है. तुम समझ भी नहीं पाते कि क्या हो रहा है, उससे पहले ही वो झूठ अपनी खुद की जिंदगी जीने लगता है.
नुसरत का कहना है कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि सोशल मीडिया पर बात इतनी फैल जाएगी. उन्हें ट्रोलिंग से फर्क पड़ा है. एक्ट्रेस को दुख है कि जो चीज उन्होंने की नहीं, उसमें उनका नाम जोड़ा गया. इस वजह से उन्होंने कुछ दिन के लिए फोन देखना भी बंद कर दिया था. हालांकि इस पूरी घटना के दौरान उन्हें अपने दोस्तों और परिवार वालों का समर्थन मिला.
ट्रोलिंग से हुईं परेशान, परिवार का मिला साथ
नुसरत ने कहा- वो एक समय पर मुझसे भी ज्यादा परेशान हो गए थे. मेरे परिवार की सबसे पहली सोच यही थी कि मुझे बचाना है. उन्होंने तुरंत कहा कि इंस्टाग्राम से लॉग ऑफ कर दो और ये सब मत पढ़ो. मेरे दोस्त, जिनके घर और पिल्ले से ये सारी बात शुरू हुई थी, वो बहुत अच्छे निकले. वो सच में दुखी थे कि इतनी छोटी सी बात को लोगों ने गलत तरीके से तोड़-मरोड़ दिया. वो बार-बार मुझे याद दिलाते रहे कि जिन लोगों की परवाह करनी चाहिए, उन्हें सब कुछ सही-सही पता है कि असल में क्या हुआ था. यही छोटा सर्कल आपको मजबूत रखता है, जब बाहर का शोर बहुत तेज हो जाता है.
नुसरत भरूचा अंत में ये भी कहती हैं कि इस घटना के बाद वो और भी सतर्क हो गई हैं, क्योंकि एक सेलिब्रिटी होने की वजह से उन्हें किसी भी चीज में आसानी से जोड़ दिया जाता है. फिर भले ही वो किसी पिल्ले का रोना ही क्यों ना हो. बात करें नुसरत के वर्क फ्रंट की, तो एक्ट्रेस को आखिरी बार छोरी 2 फिल्म में देखा गया था.