दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. वो देश के हर छोटे-बड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखते हैं. बीते दिनों कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन का भी हिस्सा रहे, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ था. अब एक्टर ने BJP पर खुलकर हमला बोला है.
बीजेपी पर बोला जोरदार हमला
बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने एक बार फिर से बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा, 'बंगाल चुनावों में छल-कपट से मिली जीत के बाद, यह बीजेपी- जो एक झूठी पार्टी है. अब उन सभी लोगों से बदला लेने पर उतारू है जो उनकी विचारधारा और नीतियों से सहमत नहीं हैं.'
'इस बदले की भावना का ताजा शिकार सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के छात्र और भविष्य के फिल्म निर्माता बने हैं. प्रशासन से जवाबदेही मांगने के बदले में, उन्हें 'शो-कॉज़' नोटिस दिए गए हैं, उन पर नज़र रखी जा रही है, उन्हें धमकियां दी जा रही हैं, और अब तो उनसे हॉस्टल खाली करने के लिए भी कह दिया गया है.'
एक्टर ने अंत में कहा, 'बीजेपी, अपने पक्ष में बेशर्म प्रोपेगैंडा को बढ़ावा देने से ही संतुष्ट नहीं है, बल्कि अब वह लोगों का ब्रेनवॉश करना चाहती है या उन्हें डराना-धमकाना चाहती है...'
छात्रों का सपोर्ट करते हैं नसीरुद्दीन शाह
हालांकि ये पहली बार नहीं है, जब नसीरुद्दीन शाह ने छात्रों का सपोर्ट किया है और बीजेपी पर हमला बोला है. इससे पहले जुलाई में हुए छात्र आंदोलन के दौरान भी एक्टर ने प्रदर्शनकारियों स्टूडेंट्स् का समर्थन किया था और उन पर की गई कार्रवाई की आलोचना की थी.
जुलाई में, CJP के 'चलो संसद' मार्च के दौरान हुई कार्रवाई के खिलाफ शाह ने अपनी आवाज उठाई थी. उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई हिंसा की निंदा की और इसमें शामिल लोगों की तुलना अमेरिकी ICE एजेंटों से की. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में, उन्होंने युवा प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए बर्ताव पर अपना गुस्सा जाहिर किया और कहा कि देश के युवाओं को लेकर उनकी उम्मीद और मजबूत हो गई है.
उस दौरान भी नसीरुद्दीन शाह ने कहा था, 'मैं आप सभी से दो बातें कहना चाहता हूं. पहली बात यह है कि अगर कोई अज्ञानी व्यक्ति इस देश का नेतृत्व करता है, तो वह यही चाहेगा कि पूरा देश भी उसी की तरह अज्ञानी, नासमझ और बेरहम बन जाए.'
एक टीचर और एक्टर के रूप में अपने सफर को याद करते हुए कहा था कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से एक्टिंग के दो अलग-अलग कोर्स पूरे करने के बावजूद, उन्होंने एक्टिंग के बारे में जो कुछ भी सीखा, उसका बड़ा हिस्सा उन्हें उन छात्रों से सीखने को मिला, जिन्हें वे खुद सिखाने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने आगे कहा कि उनके मन में इन छात्रों के लिए गहरी सहानुभूति है.