वामिका गब्बी अपनी आने वाली फिल्म पति पत्नी और दो के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अचानक चर्चा में आ गईं. मुंबई में शनिवार को हुए इस इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मजाक के बाद वामिका काफी असहज नजर आईं.
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह समेत पूरी स्टारकास्ट मौजूद थी. इवेंट के दौरान मजेदार बातचीत और मस्ती चल रही थी, लेकिन तभी एंकर ने वामिका के नाम को लेकर ऐसा मजाक कर दिया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया.
वामिका से हुआ अटपटा सवाल
वायरल वीडियो में होस्ट कहता सुनाई देता है- मैं बहुत जानना चाहता हूं कि आपके पैदा होने में मीका पाजी का क्या योगदान था? क्योंकि आपका नाम जिसने भी रखा उसने कहा होगा- वाह मीका… कुछ तो सुर मीका पाजी ने लगाए होंगे.
इस बात पर वामिका हल्का सा मुस्कुराईं, लेकिन साफ नजर आ रहा था कि वो थोड़ा असहज महसूस कर रही थीं. उन्होंने इस मजाक का कोई जवाब नहीं दिया. सोशल मीडिया यूजर्स भी कह रहे हैं कि एक्ट्रेस स्टेज पर शर्मिंदा और अनकम्फर्टेबल दिखीं.
सारा को आया गुस्सा
इसी इवेंट का एक और वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें सारा अली खान एंकर की बात सुनकर हैरान रह जाती हैं.
दरअसल, एंकर ने स्टार्स से बात करते हुए कहा- आप लोग वो वाली रील डालते हो ना कि किसी सेलिब्रिटी का बैकशॉट डालकर पहचानो कौन… मैं झूठ नहीं बोल रहा, मैं सब सेलिब्रिटीज को पीछे से पहचानता हूं. मैंने उसमें बहुत टाइम बिताया है. आगे से पहचान पाऊं या नहीं…
एंकर की ये बात सुनकर सारा चौंक गईं और पास बैठे लोगों से पूछने लगीं- क्या बोल रहा है? उनका रिएक्शन भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
ये ट्रेलर लॉन्च इवेंट मुंबई के संजय गांधी नेशनल पार्क में हुआ था. फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ एक कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें आयुष्मान खुराना प्रजापति पांडे नाम के किरदार में नजर आएंगे. कहानी कई रिश्तों में उलझे उनके किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है. यह फिल्म 2019 में आई ‘पति पत्नी और वो’ का सीक्वल है और 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.