बिहार विधान परिषद चुनाव में जीत के बाद जेडीयू प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार के तेवर तीखे नजर आए. पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका आभार जताने वाले नीरज कुमार ने केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह से मिलने से साफ इनकार कर दिया. संजय झा से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि ललन सिंह से आशीर्वाद लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता. नीरज कुमार की नाराजगी चुनाव के दौरान ललन सिंह की भूमिका और मोकामा के विधायक अनंत सिंह से जुड़े मामले में उनके रुख को लेकर है.
चुनाव में जीत के बाद जब नीरज कुमार से ललन सिंह से मुलाकात को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने दो टूक जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'जिनको बधाई देना है, वह बधाई दे रहे हैं. मैं उनके पास आशीर्वाद लेने नहीं जाऊंगा. ललन सिंह से आशीर्वाद लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता.'
यह भी पढ़ें: MLC चुनाव में लहराया नीरज कुमार का परचम, अनंत सिंह की बढ़ेगी मुश्किलें?
नीरज कुमार ने चुनाव के दौरान अपने सामने आई मुश्किलों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि आखिर उनका कसूर क्या था, जो उन्हें चुनावी प्रक्रिया में इतनी परेशानी झेलनी पड़ी. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में उन्हें किस बात की सजा मिली, इसका जवाब मिलना चाहिए.
'राजनीति का कर्ज सूद समेत लौटाऊंगा'
नीरज कुमार ने अपने अंदाज में विरोधियों को जवाब देते हुए कहा कि उनके माता-पिता और पुरखों ने उन्हें यही सीख दी है कि अगर किसी से कर्ज लो तो उसे लौटाना भी चाहिए. उन्होंने कहा, 'राजनीति में जो मुझे मिलता है, उसे सूद समेत वापस करता हूं.'
उन्होंने चुनाव के दौरान अपनी जमानत जब्त कराने की चुनौती दिए जाने का भी जिक्र किया. नीरज कुमार ने कहा कि धनबल और बाहुबल की राजनीति अब नहीं चलेगी. जब तक उनका जमीर जिंदा है, कोई ताकत उन्हें झुका नहीं सकती.
उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं का उन्हें भरपूर समर्थन मिला और उनकी जीत पार्टी के कार्यकर्ताओं की ताकत का नतीजा है. नीरज ने यह भी कहा कि उनके आवास पर अब भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं.
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह फ्लावर समझे थे, फायर निकले नीरज कुमार! खुद क्लीन बोल्ड हो गए छोटे सरकार
नीतीश कुमार और संजय झा का जताया आभार
नीरज कुमार ने जीत के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि संजय झा का स्नेह और मार्गदर्शन मिला. इसके अलावा उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी से भी मुलाकात की.
नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, निशांत कुमार और वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह के प्रति भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं से मिलना और उनके प्रति आभार व्यक्त करना उनका दायित्व है.
नीरज कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी और एनडीए मजबूती से खड़े रहे. हालांकि, ललन सिंह को लेकर उनकी नाराजगी बरकरार है. नीरज कुमार ने कहा कि वह पार्टी के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे, लेकिन चुनाव के दौरान उनके साथ जो हुआ, उसे वह भूले नहीं हैं.