बॉलीवुड में आजकल किसी को भी ट्रोल करना बेहद आम सा हो चुका है. खासकर स्टारकिड्स, जिनकी आए दिन किसी ना किसी बात पर आलोचना होती रहती है. दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर एक बार फिर ट्रोल्स के निशाने पर हैं. लोग उनके एक वीडियो को देखकर उनका मजाक उड़ा रहे हैं.
अनोखे टैलेंट के लिए जाह्नवी हुईं ट्रोल
जाह्नवी कपूर हाल ही में पैरिस फैशन वीक 2026 का हिस्सा बनीं, जहां उन्होंने अपने एक अनोखे टैलेंट के बारे में बात की. एक वीडियो में उनसे पूछा गया कि उनका कौन-सा ऐसा छिपा हुआ टैलेंट है जो उनके अलावा कोई नहीं कर सकता? तो जाह्नवी ने बताया कि वो अपनी जीभ को 360 डिग्री तक घुमा सकती हैं. हालांकि उनके मुताबिक ये एक बेहद बेवकूफाना और बेफिजूल का टैलेंट है.
जाह्नवी आगे बताती हैं कि उन्हें ये ट्रिक कैसे आई. उन्होंने कहा कि स्कूल में उनके क्लासमेट अपनी जीभ से नाक छूने की कोशिश करते थे, लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाती थीं. वो भी बाकी बच्चों को इम्प्रेस करना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने सोचा कि जीभ से कुछ अलग करके दिखाया जाए. इसी कोशिश में उन्होंने धीरे-धीरे ये अनोखी ट्रिक सीख ली.
एक्ट्रेस को अपने इसी टैलेंट के लिए ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है. लोगों ने जाह्नवी का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया. एक यूजर ने इसे एक और बेकार टैलेंट बताया. वहीं दूसरे ने तंज कसते हुए कहा- मुझे यकीन नहीं हो रहा कि ये नेपो बेबी अपनी जीभ से ऐसी बेवकूफी वाली चीजें करती हैं. वीडियो पर इसी तरह के कई सारे कमेंट्स भरे पड़े हैं. एक यूजर्स ने उनकी इस टैलेंट की तुलना अनन्या पांडे से की.
अनन्या से हुई तुलना
अनन्या पांडे ने भी अपने डेब्यू के दौरान कपिल शर्मा के शो पर कहा था कि वो अपनी जीभ से नाक को छू सकती हैं. उन्होंने इसे अपना टैलेंट बताया था. नेशनल टीवी पर अनन्या ने अपनी नाक को जीभ से छुआ भी, जिसके बाद उन्हें भी काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी. अब जाह्नवी भी इसका शिकार हो गई हैं.
वैसे जाह्नवी कपूर इन दिनों अपने AI से बनाए गए डीपफेक वीडियो के चलते भी सुर्खियों में हैं. जूनियर एनटीआर संग उनके चुट्टामल्ले गाने को गलत तरीके से AI के जरिए एडिट करके सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. इसपर दोनों- जूनियर एनटीआर और जाह्नवी का गुस्सा फूटा था. एक्ट्रेस ने लोगों की इस हरकत को यौन उत्पीड़न के बराबर कह दिया था.