भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जा रहे तीसरे और आखिरी निर्णायक वनडे मुकाबले में क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ बॉलीवुड का तड़का भी देखने को मिला. इस हाई-प्रोफाइल मैच का लुत्फ उठाने के लिए खेल और सिनेमा जगत की कई बड़ी हस्तियां स्टेडियम पहुंचीं.
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से लेकर बॉलीवुड सुपरस्टार सैफ अली खान, कृति सेनन और अर्जुन कपूर जैसे सितारों की मौजूदगी ने स्टैंड्स की रौनक बढ़ा दी. सोशल मीडिया पर इन सेलिब्रिटीज की तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं. मैच के साथ-साथ इन सितारों का अंदाज भी टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है.
धोनी के साथ सैफ और तैमूर की जुगलबंदी
लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर एक्टर सैफ अली खान अपने बेटे तैमूर अली खान के साथ इस खास मुकाबले के गवाह बने. पिता-बेटे की यह जोड़ी स्टैंड्स में बैठकर मैच का पूरा आनंद लेती नजर आई. इस मौके पर स्टार पावर तब और बढ़ गई जब सैफ और तैमूर, पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी के साथ बैठकर मैच देखते हुए दिखे.
इस दौरान सैफ अली खान ऑलिव ग्रीन ब्लेजर, हल्के नीले रंग की शर्ट, धारीदार टाई और पीले रंग के पॉकेट स्क्वायर के साथ बेहद क्लासिक और डैपर लुक में नजर आए. वहीं छोटे नवाब तैमूर हल्के नीले रंग की सिंपल शर्ट में बेहद क्यूट लग रहे थे.
कबीर बहिया संग दिखीं कृति सेनन
बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस कृति सेनन भी इस ऐतिहासिक मैदान पर क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाने पहुंचीं. इस खास मौके पर कृति अकेले नहीं थीं, बल्कि उनके साथ उनके रूमर्ड बॉयफ्रेंड कबीर बहिया भी मौजूद थे. दोनों को इस हाई-प्रोफाइल ग्रुप के साथ मैच का मजा लेते हुए देखा गया. कृति और कबीर की मौजूदगी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्तों की चर्चाओं को हवा दे दी है.
युवराज सिंह ने निभाई ऐतिहासिक रस्म
इस मैच की शुरुआत भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह के हाथों एक खास रस्म के साथ हुई. युवराज सिंह ने लॉर्ड्स के मैदान पर मैच की शुरुआत का संकेत देने वाली मशहूर 'पांच मिनट की घंटी' बजाई. पेविलियन में 'बॉलर्स राइटिंग रूम' के बाहर लगी इस ऐतिहासिक घंटी को बजाकर युवराज ने वहां मौजूद दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया. इस गौरवशाली पल के दौरान युवराज के पीछे उनकी पत्नी और एक्ट्रेस हेजल कीच भी उनका हौसला बढ़ाती नजर आईं.
अर्जुन कपूर और साहिबा बाली की केमिस्ट्री
स्टेडियम में सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि गॉसिप का बाजार भी गर्म रहा. एक्टर अर्जुन कपूर यहां एक्ट्रेस साहिबा बाली के साथ मैच देखते नजर आए. दोनों ही नीले रंग के आउटफिट में काफी कूल और रिलैक्स्ड वाइब्स दे रहे थे. कैमरे में दोनों की साथ में कैद हुईं तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर यूजर्स का ध्यान तुरंत खींच लिया.
इंटरनेट पर अब लोग लगातार यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या इन दोनों के बीच सिर्फ दोस्ती है या फिर कहानी कुछ और है. कुल मिलाकर, लॉर्ड्स का यह मुकाबला खेल के साथ-साथ बॉलीवुड तड़के के लिए भी सुर्खियों में है.