बॉलीवुड स्टार अजय देवगन इस साल फॉर्म में हैं. उनकी लगातार दो फिल्में- धमाल 4 और दृश्यम 3 बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट गई हैं. साल 2026 एक्टर के लिए सही मायनों में खास रहा है. दृश्यम 3 तो रिलीज के तीन दिन में ही अपना पूरा बजट रिकवर कर लिया.
300 करोड़ क्लब में दृश्यम 3 की एंट्री
अजय की फिल्म दृश्यम 3 द कन्क्लूजन इस साल की दूसरी बड़ी हिंदी फिल्म साबित हो रही है. 2 अक्टूबर यानी रिलीज के दिन इसने 62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, और एक्टर को उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग दिलाई. फिर दूसरे दिन भी 53.50 करोड़ कमाकर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा आसानी से पार किया. तीसरे दिन तो कमाई 150 करोड़ के पार पहुंच गई, और दृश्यम 3 ने अपना पहला वीकेंड नेट 176.50 करोड़ रुपये के साथ खत्म किया.
हालांकि फिल्म का असली टेस्ट सोमवार को होना था. कामकाजी वाले दिन के चलते अक्सर फिल्म की कमाई में गिरावट देखी जाती है. ऐसे में अपने चौथे दिन दृश्यम 3 ने कैसा परफॉर्म किया, ये हर कोई जानना चाहेगा. सैकनिल्क की रिपोर्ट की मानें, तो फिल्म सोमवार को 21 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करने में कामयाब रही. फिल्म की टोटल नेट कमाई 197.50 करोड़ रुपये हो चुकी है. मंगलवार को ये आराम से 200 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी. वहीं फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई चार दिनों में 303 करोड़ हो गई है.
दृश्यम 2 का लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 342-345 करोड़ के आसपास था. अब जो इसका तीसरा पार्ट महज चार दिनों में 300 करोड़ कमा चुका है, ऐसे में ये आंकड़ा भी आराम से पार हो जाएगा.
मंडे टेस्ट में पास या फेल दृश्यम 3?
दृश्यम 3 के लिए मंडे को सिनेमाघरों में औसतन ऑक्यूपेंसी भी 24% रही. एक तरह से देखा जाए तो दृश्यम 3 अपने मंडे टेस्ट में पास होती है. लेकिन अगर कमाई में फर्क देखा जाए, तो फिल्म को सोमवार के दिन 65% से ज्यादा की गिरावट का सामना करना पड़ा है. हालांकि अभी दृश्यम 3 के पास एक और हफ्ता बचा है, जिसमें वो आराम से अपनी कमाई कर सकती है.
15 अक्टूबर तक रजनीकांत की फिल्म जेलर 2 आने वाली है, उससे पहले तक अजय की फिल्म के पास कमाई के पूरे मौके हैं. मंगलवार का दिन इस फिल्म के लिए काफी अहम होने वाला है. ज्यादातर थिएटरों में इस दिन टिकटों पर स्पेशल ऑफर होता है, इसलिए फिल्म की कमाई में जंप देखने मिल सकता है. हालांकि क्या ऐसा होगा, ये देखने वाली बात होगी.