दिवाली पर पटाखे कम जलाने और प्रदूषण से बचने की अपील करना बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा के लिए मुसीबत बन गया. उनके वीडियो पर ऐसा सियासी बवाल मचा कि BMC को भी वीडियो हटाना पड़ा. अब इस पूरे विवाद में बॉलीवुड एक्टर इमरान खान की गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन की एंट्री हो गई है. लेखा ने दीया का समर्थन करते हुए कहा कि पहले उन्हें बोलने के लिए कहा गया और फिर उनकी आवाज दबा दी गई.
‘हमने दीया को चुप करा दिया’
लेखा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसे बाद में उन्होंने डिलीट कर दिया. हालांकि, वीडियो हटाने से पहले ही फैंस ने इसे देख लिया.अपने वीडियो में लेखा ने कहा, “आज हमने दीया मिर्जा को चुप करा दिया. जबकि उनसे ‘हमारी परंपरा ही हमारी संस्कृति है’ कहकर इस मुद्दे पर बोलने के लिए कहा गया था.”
लेखा के मुताबिक, दीया ने ऐसा कुछ भी गलत नहीं कहा था. उन्होंने तो बस लोगों से दिवाली पर थोड़े कम पटाखे जलाने की अपील की थी, ताकि हवा और ध्वनि प्रदूषण कम हो सके.
लेखा ने दीया की तारीफ करते हुए उन्हें भारत की ‘बाम्बी’ तक कह दिया. उनका कहना था कि दीया एक ऐसी इंसान हैं, जो बेहद मासूमियत से लोगों से थोड़ी संवेदनशीलता और दूसरों का ख्याल रखने की अपील करती हैं. उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि जब दीया ने पर्यावरण के प्रति थोड़ी जिम्मेदारी दिखाने की बात कही, तो आखिर उन्हें चुप क्यों करा दिया गया?
क्या था मामला?
दरअसल, दिवाली 2026 से पहले BMC ने प्रदूषण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया था. इसी अभियान के तहत दीया मिर्जा ने मुंबई के लोगों से पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने और पटाखों से होने वाले वायु व ध्वनि प्रदूषण को कम करने की अपील की थी.
BMC के पोस्ट में बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया था कि सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे जलाना प्रतिबंधित है. लेकिन वीडियो पर विरोध शुरू हुआ और BMC ने इसे हटा दिया. इसके बाद दीया ने भी अपनी बात रखी.
एक्ट्रेस ने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर उम्मीद की जीत का त्योहार है. दीया ने साफ किया कि उनका वीडियो लोगों को जागरूक करने के लिए था. उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है और इसे कम करने की हर कोशिश बेहतर पर्यावरण की दिशा में एक कदम है.
अब दीया के समर्थन में लेखा वाशिंगटन के उतरने के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है.