डायरेक्टर आदित्य धर की बनाई फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' के चर्चे लगातार हो रहे हैं. जब 'धुरंधर' पहली बार 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी तो इसे मिले-जुले रिएक्शन मिले थे. कुछ दर्शकों ने इसकी खूब तारीफ की, तो कुछ ने इसे 'अच्छी तरह से बनाया गया प्रोपगैंडा' कहकर खारिज कर दिया था. मगर 19 मार्च को थिएटर्स में 'धुरंधर 2' रिलीज होने के बाद दर्शकों के एक हिस्से ने इसकी बर्बरता, हिंसा और ग्राफिक इमेजरी की आलोचना की है. इसमें अंतरराष्ट्रीय मीडिया भी शामिल है.
विदेश में हो रही धुरंधर 2 की आलोचना
अंतरराष्ट्रीय मीडिया की धुरंधर 2 पर प्रतिक्रिया पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. न्यूयॉर्क टाइम्स ने पिक्चर के बारे में लिखा, 'पहली फिल्म के आलोचक सोच सकते हैं कि यह सीक्वल दर्शकों को राष्ट्र या धर्म की लाइन पर हिंसा के प्रति और ज्यादा भावनाहीन करता है. यह आज के समय की फिल्म है, जो ठीक से सुकून देने वाली नहीं है.'
इसे लेकर movieswetextedfor.com ने लिखा, 'जब पूरे सिनेमाहॉल में लोग हिंसा पर हिंसा देखकर आंखें बंद कर लेते हैं और सिकुड़ जाते हैं, तो आपकी फिल्म ज्यादा हो गई है. धुरंधर द रिवेंज में इतना कम मजा है कि समझ नहीं आता कि दर्शक इस सारे हॉरर को देखने के लिए क्यों भीड़ लगा रहे हैं.'
कल्चर मिक्स ने लिखा, 'धुरंधर द रिवेंज पहले 30 मिनट में दिलचस्प लगती है. लेकिन उसके बाद यह सिर्फ चेकलिस्ट वाली भड़कती हिंसा बन जाती है. ये जितना शॉकिंग और मन खराब करने वाला हो सकता है, उतना बनने की कोशिश करती है. यह खुद को देशभक्ति वाली फिल्म बताने की कोशिश करती है, लेकिन इसमें दिखाया गया टॉक्सिक और बर्बरता से भरा राष्ट्रवाद परेशान करने वाला है.'
विदेश में आलोचना के बावजूद 'धुरंधर 2' को भारत में ज्यादातर मजबूत रिएक्शन मिला है. इसकी IMDb रेटिंग फिलहाल 8.7/10 है. जबकि बुक माय शो यूजर्स ने इसे 9.5/10 रेटिंग दी है. ये रेटिंग 2,77,000 से ज्यादा वोट्स के आधार पर बताई गई है. रॉटन टोमेटोज पर फिल्म का स्कोर सिर्फ 13 रिव्यूज के आधार पर 45% है, जिसमें ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय आलोचक शामिल हैं.
भारत में 'धुरंधर 2' को बड़ी सफलता मिली है. मगर इसने बहस भी छेड़ी हुई है. कई राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ राम्या और प्रकाश राज जैसे एक्टर्स ने इसके कथित 'प्रोपगैंडा' पर सवाल उठाए हैं.
धुरंधर 2 का कलेक्शन
'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर तूफान उठाए हुए है. इसकी छह दिनों की वर्ल्डवाइड कमाई ने रणबीर कपूर की 'एनिमल' की लाइफटाइम कमाई को पीछे छोड़ दिया है. अब यह 'धुरंधर' को भी पीछे छोड़ने की राह पर है, जिसने लगभग दो महीने के थिएट्रिकल रन में 1300 करोड़ रुपये कमाए थे. मौजूदा रफ्तार को देखते हुए कहा जा सकता है कि 'धुरंधर 2', अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के बेंचमार्क को भी चुनौती दे सकती है. 'पुष्पा 2' की लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कमाई 1742 करोड़ रुपये है.