धमाल, गोलमाल, वेलकम, हेरा फेरी- ये ऐसी कॉमेडी फिल्में हैं जिन्हें देखकर कई लोगों ने अपना बचपन बिताया है. इन फिल्मों के सीक्वल्स भी आ चुके हैं, जिसे ऑडियंस ने भरपूर प्यार दिया है. अक्षय कुमार तो वेलकम का तीसरा पार्ट कुछ दिनों में ला ही रहे हैं. मगर उसके ठीक कुछ दिनों बाद अजय देवगन भी धमाल का चौथा पार्ट थिएटर्स में रिलीज करेंगे, जिसमें वही पुरानी कॉमेडी और एडवेंचर नजर आएगा.
धमाल फ्रेंचायजी के पिछले तीनों पार्ट्स एक मकसद को पूरा होते हुए दिखाती है. कुछ लोग पैसों के पीछे भागते हैं, जिसमें खूब सारी ट्रेजिडी और कॉमेडी की मिलावट होती है. पिछला पार्ट साल 2019 में टोटल धमाल के नाम से आया था. अब धमाल 4, 10 जुलाई को आ रही है जिसका धमाकेदार ट्रेलर लॉन्च किया गया है.
क्या है धमाल 4 का प्लॉट?
धमाल 4 में इस बार टोटल धमाल फिल्म से थोड़े नए किरदारों की एंट्री हुई है. इस बार की कहानी पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन वाले स्टाइल में है, जिसमें कुछ समुद्री डकैतों के हाथ खजाने का नक्शा लगा है. पहले पार्ट में जहां एक बड़े से W के नीचे पैसे थे, इस बार एक M के नीचे खजाना छिपा है. इस खजाने के पीछे डकैतों के अलावा आदी-मानव की जोड़ी, लल्लन बने रितेश देशमुख और अजय देवगन-संजय मिश्रा समेत कई सारे लोग पड़े हैं.
ट्रेलर में बताया गया है कि खजाना कहां है, इसका पता सिर्फ एनिमल वाले उपेंद्र लिमये को पता है. लेकिन वो गलती से मर जाता है, जिसके बाद शुरू होती है खजाने तक पहुंचने की रेस जिसमें धमाल-मस्ती भी शामिल है. धमाल 4 मूवी का ट्रेलर कई सारे कॉमेडी सीन्स से भरपूर है, जिसे देखने में मजा आता है. हालांकि क्या उतना ही मजा फिल्म के दौरान आएगा, ये देखने वाली बात होगी.
खराब है VFX
मगर अजय की फिल्म विजुअल इफेक्ट्स के मामले में निराश जरूर कर सकती है. जिस हिसाब की स्टोरी मेकर्स ने बनाई है, और उसमें जैसा VFX इस्तेमाल किया गया है वो अभी तक देखने में थोड़ा निराश करता है. इससे फिल्म का एक्सपीरियंस कुछ लोगों के लिए खराब जरूर हो सकता है. वैसे ये फिल्म इंदर कुमार ने डायरेक्ट की है, जो इसके पिछले तीनों पार्ट्स भी बना चुके हैं.
बात करें फिल्म की कास्ट को लेकर, तो इसमें रवि किशन, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजीदा शेख , अंजलि आनंद, ईशा गुप्ता, विजय पाटकर जैसे कलाकार नजर आएंगे.