देश की राजधानी दिल्ली में डायरेक्टर नितेश तिवारी की महाकाव्य फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का भव्य ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ. इस इवेंट में योग गुरु बाबा रामदेव की मौजूदगी ने इस शाम को और भी ज्यादा खास बना दिया. उन्होंने न सिर्फ फिल्म की जमकर तारीफ की, बल्कि अपने चिरपरिचित अंदाज में कई बड़ी और दिलचस्प बातें भी कहीं.
ट्रेलर की भव्यता और कलाकारों के एक्टिंग से प्रभावित होकर उन्होंने फिल्म की सफलता की भविष्यवाणी तो की ही, साथ ही फिल्म के भारी-भरकम बजट को लेकर एक ऐसा मजेदार किस्सा शेयर किया जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े.
पहली बार ट्रेलर इवेंट में पहुंचे
मंच से अपनी बात शुरू करते हुए बाबा रामदेव ने एक बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया, 'मैं अपनी पूरी जिंदगी में पहली बार किसी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में शामिल होने पहुंचा हूं. लेकिन यहां आकर और इसका ट्रेलर देखकर मुझे आनंद आ गया. ट्रेलर के विजुअल्स इतने कमाल के हैं कि जब स्क्रीन पर बाण चला, तो एक पल के लिए ऐसा लगा कि कहीं वह आकर हमें ही न लग जाए.'
उन्होंने पूरे भरोसे के साथ कहा कि रामायण पर बनी यह फिल्म सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में एक नया इतिहास रचेगी.
राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले रामदेव?
इवेंट के दौरान बाबा रामदेव ने अपनी बात को आध्यात्मिक रंग देते हुए रामचरितमानस की एक बेहद प्रसिद्ध पंक्ति पढ़ी- 'हिम ते अनल प्रगट बरु होई, बिमुख राम सुख पाव न कोई.' इसका गहरा अर्थ समझाते हुए उन्होंने कहा कि हिमालय की ठंडी बर्फ से भले ही कभी अग्नि प्रकट हो जाए, लेकिन भगवान श्री राम की भक्ति से विमुख होकर कोई भी प्राणी कभी सुख और सत्ता प्राप्त नहीं कर सकता.
इसके तुरंत बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए एक बड़ा राजनीतिक या सामाजिक इशारा किया और कहा, 'आजकल मामला थोड़ा उल्टा-पुल्टा चल रहा है. अब इस बात को किसे और कैसे समझना है, यह आप खुद समझ लीजिए, हमारा तो बस इतना ही कहना है. वैसे भी मेरा नाम रामदेव है, तो हम राम को ही जीते हैं.'
एक्टिंग की तारीफ की
फिल्म की स्टार कास्ट रणबीर कपूर और साई पल्लवी के एक्टिंग पर बात करते हुए बाबा रामदेव ने अपने गुरुजी की एक सीख शेयर की. उन्होंने कहा, 'हमारे गुरुजी हमेशा कहते थे कि एक्टिंग ऐसा करो जैसे आप उसे सच में जी रहे हो, और अपनी असल जिंदगी को ऐसे जियो जैसे आप बस एक्टिंग कर रहे हो. हमने इस छोटे से ट्रेलर में जितना भी देखा, उससे साफ है कि सभी कलाकारों ने बहुत ही बेहतरीन काम किया है.'
बजट सुनकर जब लग गई समाधि
इवेंट का सबसे मजेदार और ठहाके लगाने वाला पल तब आया जब बाबा रामदेव ने फिल्म के बजट का जिक्र किया. उन्होंने हंसते हुए कहा, 'जब मैंने पहली बार सुना कि इस फिल्म को बनाने का बजट पूरे 4000 करोड़ रुपये है, तो यह आंकड़ा सुनकर तो मेरी समाधि ही लग गई थी.'
बाबा रामदेव के इस बयान पर वहां मौजूद प्रख्यात कवि कुमार विश्वास खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने बेहद मजाकिया लहजे में बाबा रामदेव की चुटकी लेते हुए कहा, 'स्वामी जी, वह बात तो अलग ही है कि आपका खुद का पतंजलि साम्राज्य आज 2 लाख करोड़ रुपये का है!' कुमार विश्वास के इस पंच पर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा.