तापसी पन्नू की फिल्म 'अस्सी' लगातार दर्शक बटोरने में कामयाब हो रही है. बहुत लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज हुई ये फिल्म सिर्फ फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा ही नहीं, खुद दर्शकों का भी टेस्ट है. 'अस्सी' ने जिस तरह से रेप के गंभीर मुद्दे को सेंसिटिव तरीके से दिखाया है, उसकी तारीफ हर जगह हो रही है. ये बहुत जोरदार प्रमोशन और बड़े स्टार्स वाली फिल्म नहीं है, जिसकी रिलीज से पहले ही जनता में माहौल बना रहता है. ऊपर से लॉकडाउन के बाद से बॉलीवुड की सोशल मैसेज देने वाली गंभीर फिल्मों का हाल बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा नहीं रहा है. इसलिए 'अस्सी' जिस तरह अपने हिस्से के दर्शक जुटा रही है, वो अपने-आप में एक सक्सेस स्टोरी है.
मंडे टेस्ट में दमदार निकली 'अस्सी'
पॉजिटिव रिव्यूज के साथ आई 'अस्सी' ने शुक्रवार से ही जनता को इंप्रेस करना शुरू कर दिया था. फिल्म देखकर लौट रहे लोग इसके बारे में बात किए बिना नहीं रह पा रहे. इसलिए 'अस्सी' को पहले ही दिन से ऑडियंस से सुपर पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिला. बड़े लिमिटेड स्केल पर रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 1 करोड़ कलेक्शन के साथ शुरुआत की थी, जिसने शनिवार को 60% से ज्यादा जंप लिया. संडे को टी 20 वर्ल्ड कप में भारत के मैच ने थिएटर्स में दर्शक घटाए तो 'अस्सी' को भी थोड़ा नुकसान हुआ.
संडे से फिल्म को जो जंप चाहिए था, वो नहीं मिला. लेकिन फिर भी ये शुक्रवार के मुकाबले काफी बेहतर रही. अब इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला सोमवार भी बिता लिया है और इस टेस्ट में दमदार आंकड़ों से पास हुई है. ट्रेड रिपोर्ट्स बताती हैं कि 'अस्सी' ने सोमवार को करीब 75 लाख रुपये का कलेक्शन किया है. शुक्रवार के मुकाबले फिल्म के कलेक्शन में केवल 25% की ही गिरावट है, जो बताती है कि वर्किंग डे पर भी इसे सॉलिड ऑडियंस मिली.
कैसा है फिल्म का भविष्य?
'अस्सी' बहुत बड़े बजट में बनी फिल्म नहीं है और मेकर्स ने फिल्म का प्रमोशन इसी फैक्ट से किया था कि उन्होंने सबसे ज्यादा पेमेंट राइटर गौरव सोलंकी को दी है. 'अस्सी' देखकर ही लगता है कि ओटीटी पर इस फिल्म को बहुत अच्छी ऑडियंस मिलेगी. फिल्म का ओटीटी पार्टनर रिवील हो चुका है, यानी रिलीज से पहले ही डील हो चुकी है.
अनुमान लगाया जा सकता है कि फिल्म ने इस डील से ही मेकर्स को बहुत राहत दे दी होगी. ऐसे में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 'अस्सी' से ज्यादा दर्शकों का टेस्ट है कि वो बड़े पर्दे पर सोशल मैसेज वाली फिल्में देखने के लिए घर से निकल सकते हैं या नहीं. हालांकि फिल्म को 'A' रेटिंग मिलने का भी नुकसान हो रहा है. ऐसी सोशल मैसेज वाली फिल्मों को फैमिली ऑडियंस खूब पसंद करती है, जबकि इस रेटिंग की वजह से जनता फैमिली के साथ थिएटर्स तक जाने में अटकेगी.
'अस्सी' को रेप के मुद्दे पर बनी सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिना जा रहा है. अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि जनता और कितने दिन थिएटर्स में इस फिल्म का साथ देती है.