सिंगर्स अरिजीत सिंह और काजी तौकीर की दोस्ती काफी पुरानी है. काजी ने हाल ही में एक रील शेयर की है, जिसमें उन्होंने अरिजीत के साथ अपनी सालों की दोस्ती और खास रिश्ते को याद किया. दोनों पहली बार साल 2005 के रियलिटी शो फेम गुरुकुल में मिले थे. वीडियो में काजी और अरिजीत को पश्चिम बंगाल के जियागंज में साथ घूमते, स्कूटी चलाते और लोगों से मिलते देखा जा सकता है.
कैसा है अरिजीत का असली नेचर?
रिटायरमेंट का ऐलान करने के बाद अरिजीत अपने होम टाउन में काफी वक्त बिता रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अपने पुराने दोस्त काजी से भी मुलाकात की. काजी ने वीडियो शेयर कर अरिजीत की खूब तारीफ की. उन्होंने कहा- अरिजीत के अंदर कोई भ्रष्टाचार नहीं है, कोई जलन नहीं है और ना ही किसी तरह की असुरक्षा. वो पूरी तरह पैशन से भरे हुए इंसान हैं. वो बिल्कुल असली हैं. और हां, वो एक जीनियस हैं, ये तो हम सभी जानते हैं.
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए काजी ने कहा- 2005 में मुंबई में फेम गुरुकुल के दौरान हमारी मुलाकात हुई थी. उस वक्त मैं, अरिजीत और शाहिद कपूर सभी बहुत यंग थे. अब 2026 आ गया है, लेकिन दिल से हम आज भी टीनएजर ही हैं. हमने बड़े होने से जैसे मना ही कर दिया.
काजी ने जियागंज और मुर्शिदाबाद के लोगों का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि वहां उन्हें बहुत प्यार मिला. उन्होंने अरिजीत के परिवार और स्टाफ की भी तारीफ करते हुए उन्हें बेहद अच्छे और प्यारे लोग बताया. इस दौरान काजी ने अरिजीत के पिता से भी मुलाकात की, जिन्हें उन्होंने कमाल का इंसान बताया. वो अरिजीत की क्रिकेट एकैडमी भी देखने पहुंचे. वीडियो में दोनों की दोस्ती और सादगी ने फैंस का दिल जीत लिया.
रील के आखिर में काजी ने अरिजीत को चैंपियन कहा और बताया कि वो मानसिक और भावनात्मक रूप से बेहद मजबूत इंसान हैं. साथ ही उन्होंने ये इशारा भी दिया कि दोनों जल्द ही किसी नए और मजेदार प्रोजेक्ट पर साथ काम कर सकते हैं.
बता दें कि काजी तौकीर और अरिजीत सिंह की दोस्ती की शुरुआत फेम गुरुकुल से हुई थी. शो में काजी अपनी पर्सनैलिटी और स्टेज प्रेजेंस की वजह से विजेता बने थे, जबकि अरिजीत शुरुआत में ही बाहर हो गए थे. हालांकि, अपनी शानदार आवाज और संगीत की गहरी समझ की वजह से अरिजीत आगे चलकर देश के सबसे बड़े सिंगर्स में शामिल हो गए.