बॉलीवुड एक्ट्रेस और कपिल शर्मा शो की जज अर्चना पूरन सिंह के बच्चे अब बड़े हो गए हैं. वो अपनी जिंदगी में काफी आगे बढ़ गए हैं. उनके दोनों बेटे अब अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हैं. इसमें उनका पूरा परिवार भी उन्हें सपोर्ट करता है. अर्चना अपनी दोनों बहुओं पर काफी प्यार भी लुटाती नजर आती हैं. एक्ट्रेस के दोनों बेटे- आर्यमन और आयुष्मान यूट्यूब पर व्लॉग के जरिए अपनी फैमिली की हर छोटी-बड़ी अपडेट शेयर करते हैं.
अर्चना पूरन सिंह और उनका परिवार पिछले करीब दो साल से अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी चीजें यूट्यूब पर शेयर कर रहे हैं. उनके छोटे बेटे आयुष्मान सेठी ने भी अपना चैनल शुरू किया है. अपने लेटेस्ट वीडियो में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड समीक्षा शेट्टी के साथ अपनी लव स्टोरी के बारे में बात की.
अर्चना के छोटे बेटे की लव स्टोरी
समीक्षा पेशे से योगा इंस्ट्रक्टर हैं और आयुष्मान से करीब 6 साल बड़ी हैं. दोनों की मुलाकात एक्टर योगिता बिहानी के जरिए हुई थी जो आयुष्मान के बड़े भाई आर्यमान सेठी की मंगेतर हैं. शुरुआत में दोनों के बीच ऐसा कुछ नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आने लगे. आयुष्मान और समीक्षा बताते हैं कि उनको रिलेशनशिप में करीब डेढ़ साल हो चुका है.
अर्चना ने भी वीडियो में दोनों के रिश्ते पर खुलकर बात की और उन्हें एक परफेक्ट कपल बताया. उन्होंने कहा कि दोनों ज्यादा लड़ते नहीं हैं, दोनों शांत स्वभाव के हैं और दोनों के बीच काफी पॉजिटिव वाइब्स हैं. एक्ट्रेस के मुताबिक, ऐसा लगता है कि दोनों एक-दूसरे के लिए ही बने हैं. वो ये भी बताती हैं कि जब उन्हें लगा कि आयुष्मान और समीक्षा का रिश्ता सीरियस हो रहा है, तब उन्होंने अपने बेटे को सलाह दी थी.
उन्होंने आयुष्मान से कहा था कि अगर उन्हें कोई अच्छी लड़की मिल गई है, तो उन्हें इस बात के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए कि अभी सही समय है या नहीं. अर्चना ने कहा कि अच्छी लड़की मिलना किस्मत की बात है और अगर उसे समीक्षा में अच्छाई दिख रही है, तो उसे इस रिश्ते को संभालकर रखना चाहिए. एक्ट्रेस के पति और एक्टर परमीत सेठी ने भी अपने बेटे के रिश्ते की तारीफ की. उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे को पूरा करते हैं और उनका रिश्ता बहुत मजबूत, खूबसूरत और पॉजिटिव है.
कैसे अर्चना के बेटे से मिलीं समीक्षा?
इस वीडियो में समीक्षा भी आयुष्मान से अपनी पहली मुलाकात का जिक्र करती हैं. उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार आयुष्मान से मिली थीं, तब उन्होंने उन्हें कभी अपने पार्टनर के तौर पर नहीं देखा था. वो तो उन्हें एक बच्चे की तरह समझती थीं. उस समय समीक्षा खुद भी एक खराब रिश्ते से बाहर निकली थीं और अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रही थीं. लेकिन जैसे-जैसे दोनों की दोस्ती बढ़ी, समीक्षा को आयुष्मान का नेचर पसंद आने लगा. उन्हें लगा कि आयुष्मान काफी स्वीट और मैच्योर हैं.
एक समय जब समीक्षा की तबीयत को लेकर मेडिकल इमरजेंसी हुई, तब आयुष्मान उनके साथ मजबूती से खड़े रहे. इस मुश्किल समय ने दोनों को और करीब ला दिया. इसके बाद दोनों साथ में फ्रांस और पुर्तगाल की पहली इंटरनेशनल ट्रिप पर भी गए. बाद में समीक्षा सेठी परिवार के साथ लंदन ट्रिप पर भी गईं. कुछ समय पहले तक समीक्षा मुंबई में एक फ्लैटमेट के साथ रहती थीं. जब उनकी फ्लैटमेट वहां से चली गईं, तो समीक्षा ने नया घर ढूंढना शुरू किया. उसी दौरान आयुष्मान और समीक्षा ने फ्यूचर में साथ रहने को लेकर बात करनी शुरू की.
आयुष्मान ने फिर समीक्षा के सामने अपने परिवार के साथ रहने का आइडिया रखा. उन्होंने कहा कि वो अपने माता-पिता, भाई, भाई की मंगेतर और दादा-दादी के साथ जिस घर में रहते हैं, समीक्षा भी वहीं आकर रह सकती हैं. समीक्षा ने इस बात पर तुरंत हामी भर दी. अब समीक्षा अर्चना पूरन सिंह के परिवार के साथ रह रही हैं.
पति संग टीवी शो पर आएंगी अर्चना
बता दें कि अर्चना पूरन सिंह और उनके पति परमीत सेठी के बीच भी काफी उम्र का फर्क है. लेकिन उन्होंने उसकी परवाह किए बिना एक-दूसरे से शादी की. दोनों की लव मैरिज हुई थी, जिसके बारे में कुछ सालों तक इंडस्ट्री के किसी भी इंसान को पता नहीं चल पाया था. उन्होंने काफी समय तक एक-दूसरे संग अपने रिश्ते को छिपाने की कोशिश की थी. अब अर्चना और परमीत सेठी जल्द कलर्स टीवी के शो पति पत्नी और पंगा में भी आ रहे हैं, जहां उनकी लव स्टोरी से जुड़ी और भी बातें सामने आएंगी.