
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने हाल ही में वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी के बंधन में बंधकर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की है. अब टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने न्यूलीवेडेड कपल उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान को खास अंदाज में शादी की बधाई दी.
क्या बोलीं हिना खान?
हिना खान ने उमर अब्दुल्ला के निधि राजदान के साथ शादी करने के फैसले की सराहना की है. राजनीतिक परिणामों की परवाह किए बिना अपने प्यार को चुनने और अपनी जीवनसाथी का साथ निभाने के लिए उन्होंने उमर अब्दुल्ला की जमकर तारीफ की. हिना ने यह भी कहा कि भले ही उमर अगले कार्यकाल के लिए दोबारा न चुने जाएं, लेकिन राजनीतिक फायदा-नुकसान से कहीं ज्यादा जरूरी उनका प्यार को चुनना था.
हिना खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर न्यूलीवेड कपल उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की तस्वीर शेयर करके लिखा- Awwwwww मोहब्बत! मैं उनके लिए बहुत ज्यादा खुश हूं. वो एक मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उन्होंने उनका साथ नहीं छोड़ा. वो हर मोड़ पर उनके साथ खड़े रहे. उनमें लोहे का जिगरा और अटूट दम है.
हिना ने आगे लिखा- शायद वो अगली बार चुनाव न जीत पाएं, पर किसे फर्क पड़ता है. उन्होंने प्यार को चुना. उन्होंने उनका साथ चुना. उन्होंने साबित कर दिया कि 'दुनिया गई भाड़ में' सैलूट है उन्हें.

शादी पर सवाल उठाने वालों को हिना ने दिया जवाब
उमर अब्दुल्ला के दूसरे धर्म में शादी करने पर भी कई लोग उनपर सवाल उठा रहे हैं. ऐसे में हिना ने लोगों से दूसरों की जिंदगी में दखल न देने की रिक्वेस्ट की. हिना ने कहा कि उनकी किस्मत का फैसला करने का अधिकार सिर्फ ऊपर वाले के पास है.
हिना ने लिखा- मजहब के ठेकेदारों, छोटी सी सलाह है, जीओ और जीने दो. उनकी किस्मत का फैसला ऊपर वाले पर छोड़ दो. आप खुदा नहीं हैं. उमर अब्दुल्ला के निधि राजदान के लिए हिना खान की पोस्ट लोगों का दिल जीत रही है.
बता दें कि उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी शादी का ऐलान किया. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने 'X' पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- कल एक नए सफर की शुरुआत हुई. उन्होंने पोस्ट में निधि को टैग किया. उन्हें लोगों से शादी की ढेरों बधाइयां मिल रही हैं.