फिल्म इंडस्ट्री से बुरी खबर सुनने को मिली है. लेजेंडरी एक्टर भरत कपूर अब हमारे बीच नहीं रहे. 80 साल की उम्र में वो दुनिया को छोड़कर चले गए. मुंबई के सायन अस्पताल में सोमवार (27 अप्रैल) दोपहर 3.30 बजे उनका निधन हुआ. शाम को 6.30 बजे परिवारवालों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया. करीबी दोस्त अवतार गिल ने इंडिया टुडे संग बातचीत में भरत कपूर के निधन की खबर को कंफर्म किया है.
इंडस्ट्री ने खोया एक चहेता सितारा
अवतार गिल ने इमोशनल होते हुए बताया कि सोमवार शाम को 6.30 बजे भरत कपूर का अंतिम संस्कार किया गया था. वो 3 बजे के आसपास एक्पायर हुए थे. एक्टर पिछले 3 दिनों से अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे. उनके मल्टीपल ऑर्गन्स फेल होने शुरू हो गए थे. जानकारी के मुताबिक, 30 अप्रैल को एक्टर की प्रेयर मीट रखी जाएगी. जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, इंटरनेट पर शोक की लहर दौड़ पड़ी है. फैंस का कहना है भरत का जाना एंटरटेनमेंट की दुनिया के लिए बड़ी क्षति है. यूजर्स उनकी आत्मा को शांति मिलने की दुआ कर रहे हैं. फैंस नम आंखों से एक्टर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
भरत कपूर की बात करें तो वो हिंदी सिनेमा का जाना माना चेहरा थे. 1970, 80 और 90 के दशक में भरत कपूर ने शानदार काम किया था. उन्होंने अपने 4 दशक के करियर में कई अहम किरदार निभाए थे. छोटा, सपोर्टिंग हो या विलेन का किरदार, हर रोल में वो छा जाते थे. उन्होंने 1972 में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद से भरत कपूर ने करियर में पीछे मुड़कर नहीं देखा था. वो हर रोल को अपना बना लेते थे. बीते काफी वक्त से वो शोबिज से गायब थे.
2011 के बाद से वो स्क्रीन पर नहीं दिखे थे. फैंस उन्हें पर्दे पर मिस करते थे. लेकिन अब तो वो हमेशा के लिए बस एक याद बनकर रह गए हैं. अपने शानदार काम के जरिए वो लोगों की यादों में जिंदा रहेंगे.
भरत ने नूरी, राम बलराम, लव स्टोरी, बाजार, गुलाम, आखिरी रास्ता, सत्यमेव जयते, स्वर्ग, खुदा गवाह, रंग, बरसात, साजन चले ससुराल जैसी फिल्मों में काम किया था. टीवी पर भी उन्होंने अपना दमखम दिखाया था. वो कैंपस, परंपरा, राहत, सांस, अमानत, भाग्यविधाता, कहानी चंद्रकांता की जैसे टीवी सीरियल्स में नजर आए थे.
RIP भरत कपूर!