भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने जबसे अपनी एक्स गर्लफ्रेंड अक्षरा सिंह को लेकर यू-टर्न लिया है. इडंस्ट्री में बवाल मचा हुआ है. एक इवेंट में पावर स्टार ने अक्षरा से माफी मांगी. उन्हें अपना बाबू, बच्चा बुलाया. एक्ट्रेस के पेरेंट्स से भी माफी मांगी. इस फिल्मी सीन को देखकर पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को तगड़ी मिर्ची लगी है.
ज्योति का पवन सिंह पर निशाना
ज्योति लगातार सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पवन सिंह पर तंज कस रही हैं. अब इंटरनेट पर ज्योति का नया वीडियो सामने आया है. वो अपने दोस्तों संग सिंदूर खेला खेलती हुई नजर आईं. ज्योति ने अपनी सहेलियों और बहन संग मिलकर पावर स्टार को निशाने पर लिया. ज्योति की दोस्त ने माता रानी से प्रार्थना कर कहा कि उनकी सखी की मांग भी लाल कर दो.
ये सुनकर ज्योति बोलीं- नहीं माता, अच्छा पति मिले , तभी लाल करना, वरना मैं ऐसी ठीक हूं. पति भले ही पैसे वाला ना हो, लेकिन स्वभाव का अच्छा होना चाहिए, लॉयल हो, 10 जगह मुंह मारने वाला ना हो. तभी ज्योति की दोस्त ने कहा- थूककर चाटने वाला ना हो. ये सुनकर ज्योति जोर से हंसने लगती हैं. उन्होंने कहा- कोई ऐसा हो जो स्वाभिमान को बरकरार रखे.
ज्योति की तीखी बयानबाजी जारी है. लेकिन पवन सिंह का इस वीडियो को लेकर कोई रिएक्शन नहीं आया है. कोर्ट में उनका और पवन सिंह का तलाक का केस काफी वक्त से चल रहा है. लेकिन अभी तक केस खत्म नहीं हो पाया है. पवन सिंह कोर्ट में पेश नहीं होते हैं. ज्योति और उनके वकील इस बात को लेकर कई दफा नाराजगी जता चुके हैं. पावर स्टार ये शादी खत्म करना चाहते हैं. लेकिन ज्योति शादी में बने रहना चाहती हैं. तलाक को लेकर ज्योति ने भारी भरकम एलिमनी की मांग की है.
ज्योति और पवन सिंह की शादी 2018 में हुई थी. ये पवन सिंह की दूसरी शादी थी. उनकी पहली पत्नी ने शादी के 1 साल बाद सुसाइड कर लिया था. पत्नी के जाने के बाद पवन सिंह की जिंदगी में भोजपुरी हसीना अक्षरा सिंह आई थीं. लेकिन दोनों की शादी नहीं हो सकी. पवन सिंह ने मां के कहने पर ज्योति से शादी की. पर ये रिश्ता भी अब टूटने वाला है.