लोकसभा चुनाव 2019 के 6 चरण हो चुके हैं. अब सातवें और आखिरी चरण के लिए 19 मई को मतदान होना है. हालांकि आखिरी चरण की वोटिंग से पहले पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर विरोधियों को एक दूसरे पर हमलावर होते हुए देखा जा रहा है. इसी बीच बीजेपी नेता रामकृपाल यादव ने दावा किया है कि मीसा भारती को इस बार भी हार का मुंह देखना पड़ेगा.
पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर 19 मई को मतदान होना है. यहां से बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव और आरजेडी उम्मीदवार मीसा भारती चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं रामकृपाल यादव ने मीसा भारती पर हमला करते हुए कहा है कि मीसा भारती की दोबारा हार होगी. साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भी राम कृपाल यादव और मीसा भारती की चुनावी जंग हुई थी. हालांकि बीजेपी नेता रामकृपाल यादव की तब जीत हुई थी.
19 मई को होने वाले चुनाव को लेकर रामकृपाल यादव पिछले कई हफ्तों से पाटलिपुत्र के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. आज तक से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि इस बार भी उन्हें पूरा भरोसा है कि पाटलिपुत्र की जनता उन्हें दोबारा से चुनकर संसद में भेजेगी. रामकृपाल यादव ने मीसा भारती पर भी हमला बोला और कहा कि उन्होंने उनके खिलाफ अपनी चुनावी सभा में आपत्तिजनक बातें कही है. जिसका जवाब जनता 19 मई को देगी. रामकृपाल ने मीसा भारती के उन सभी आरोपों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में पिछले 5 सालों में कुछ भी विकास कार्य नहीं हुआ है.
रामकृपाल ने कहा कि देश में अभी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर है और इस बार वह विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं. रामकृपाल यादव ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच चल रहे संघर्ष को लेकर कहा कि यह बात अब साफ हो चुकी है कि दोनों भाइयों के बीच में सत्ता संघर्ष चल रहा है. वहीं रामकृपाल यादव ने दावा किया कि इस बार संभव है कि एनडीए को 400 से भी ज्यादा सीटें मिले.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए सब्सक्राइब करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़लेटर