बिहार की पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से आरजेडी(राष्ट्रीय जनता दल) उम्मीदवार मीसा भारती ने चुनाव प्रचार के दौरान जेडीयू (जनता दल यूनाइटेड) नेता संजय सिंह के द्वारा उनको शूर्पणखा कहे जाने को लेकर हमला बोला. 'आजतक' से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए मीसा भारती ने कहा कि देश की महिलाओं को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेताओं से इसी प्रकार की भाषा की अपेक्षा है. मीसा भारती ने कहा कि महिलाओं की बेइज्जती करना बीजेपी और आरएसएस के नेताओं का संस्कार है.
गौरतलब है, संजय सिंह ने आरोप लगाया था कि इस तरीके से शूर्पणखा ने रावण और विभीषण के बीच लड़ाई लगाई थी उसी तरह मीसा भारती भी तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच झगड़ा लगा रही है. मीसा भारती ने कहा कि नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट (एनडीए) नेताओं के पास लालू परिवार के अलावा कोई मुद्दा नहीं है. इसलिए इसी प्रकार की अनर्गल बातें फैलाई जा रही हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए मीसा भारती ने उन्हें 'पूर्व' प्रधानमंत्री कहकर संबोधित किया और कहा कि मुजफ्फरपुर के चुनावी सभा में उन्होंने केवल लालू परिवार पर हमला बोला. मीसा भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा उनके लालू परिवार को जेल भेजने की धमकी से वह डरने वाली नहीं हैं.
मीसा ने कहा कि बीजेपी को इस बात का डर था कि अगर लालू प्रसाद जमानत पर जेल के बाहर रहेंगे तो बिहार में उन्हें 1 से 2 सीटें भी नसीब नहीं होगी.
मीसा ने कहा कि पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान वह अपने पिता की कमी को काफी महसूस कर रही हैं. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद कोई व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा है और उनके साथ पूरा बिहार खड़ा है.
मीसा ने पाटलिपुत्र से बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव पर भी जमकर हमला बोला और आरोप लगाया कि उन्होंने ग्रामीण विकास मंत्री होते हुए भी पिछले 5 सालों में अपने क्षेत्र का कोई विकास नहीं किया.
मीसा भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह लालू परिवार से डर गए हैं. इसीलिए लगातार पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सभाएं कर रहे हैं. प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए मीसा भारती ने कहा कि वह अब 'प्रसार मंत्री' हो गए हैं और आने वाले दिनों में अब वार्ड चुनाव का प्रचार करेंगे.
ये भी पढ़ें- पाटलिपुत्र सीट से मीसा भारती ने भरा नामांकन, कहां-मेरी चुनावी रणनीति लालू तैयार करते थे
मीसा भारती ने कहा कि पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र की जनता नरेंद्र मोदी सरकार से काफी आक्रोशित है क्योंकि पिछले 5 सालों में उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया. मीसा भारती ने कहा कि पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र की जनता की मुख्य आय का स्त्रोत बालू की बिक्री था, लेकिन बिहार सरकार ने बालू की बिक्री पर पूरी तरीके से प्रतिबंध लगा दिया है जिसके बाद से ही यहां की जनता एनडीए सरकार से काफी आक्रोशित है.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए सब्सक्राइब करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़ लेटर