तमिलनाडु की राजनीति में थलपति विजय एक नई राजनीतिक हलचल बनकर उभरे हैं. टीवीके पहली ही बार में तमिलनाडु में बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. सामने आया है कि इसके बाद थलपति विजय के पिता एसए चंद्रशेखर ने कांग्रेस को टीवीके (TVK) के साथ गठबंधन का खुला निमंत्रण दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अन्य दलों को समर्थन देकर अपनी राजनीतिक ताकत कमजोर कर ली है और अब उसके सामने खुद को मजबूत करने का मौका है.
विजय के पिता ने किया दावा
एस. ए. चंद्रशेखर ने कहा, "कांग्रेस का अपना एक गौरवशाली इतिहास और परंपरा रही है. लेकिन इतनी मजबूत विरासत के बावजूद पार्टी कमजोर क्यों हो रही है? इसकी वजह है सत्ता की कमी. जब कोई पार्टी लगातार दूसरों को समर्थन देती है, तो उसका जनाधार कमजोर होने लगता है."
उन्होंने आगे कहा, "वह शक्ति हम देंगे. हम नहीं, बल्कि विजय कांग्रेस को वह ताकत देने के लिए तैयार हैं. अगर कांग्रेस को यह सत्ता मिलती है, तो वह अपनी पुरानी पहचान और मजबूती को फिर से हासिल कर सकती है. कांग्रेस को इस मौके का पूरा इस्तेमाल करना चाहिए."
विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने कांग्रेस को तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के साथ गठबंधन पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया है. उनका दावा है कि अभिनेता से राजनेता बने विजय सत्ता में हिस्सेदारी करने के इच्छुक हैं. अपने बेटे के बदलते व्यक्तित्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विजय समाज और तमिल जनता की सेवा के लिए समर्पित हैं और जनता के साथ उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव युवाओं से लेकर बुजुर्ग समर्थकों तक, सभी पीढ़ियों को जोड़ता है.
सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु कांग्रेस के राज्य स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकेत दिए हैं कि अगर टीवीके बहुमत से थोड़ी दूर रह जाती है, तो पार्टी उसे समर्थन देने के लिए तैयार है. हालांकि, इस पर अंतिम फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा. राज्य इकाई ने इस संबंध में अपनी राय प्रभारी सचिव को भी भेज दी है. राजनीतिक जानकार मानते हैं कि अगर कांग्रेस और टीवीके के बीच गठबंधन होता है, तो यह तमिलनाडु की सियासत में बड़ा बदलाव ला सकता है.
पार्टी प्रवक्ता ने कही ये बात
बता दें कि, चुनाव परिणामों के बाद बदलते परिदृश्यों के बीच अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (AIADMK) ने विजय की तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के साथ संभावित गठबंधन के प्रति सतर्कतापूर्ण रुख दिखाया है. पार्टी प्रवक्ता अप्सरा रेड्डी ने इंडिया टुडे/आजतक को बताया, 'आप जानते हैं, इस तरह के किसी भी कदम के लिए, मैं सैद्धांतिक रूप से अपना रुख बदल सकती हूं, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी पर निर्भर करता है. मुझे लगता है कि अगर उद्देश्य DMK को गठबंधन से बाहर रखना है तो AIADMK इस विचार के प्रति उदासीन नहीं होगी. मैं ये बात दावे से कह रही हूं कि अगर ऐसा कोई प्रस्ताव आता है तो मुझे नहीं लगता कि पार्टी उस गठबंधन को अस्वीकार करेगी.'
टीवीके बन रही सबसे बड़ी पार्टी
विजय की टीवीके तमिलनाडु में इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार दिख रही है और राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बन रही है. क्योंकि वह अकेले दम पर 117 सीटों के बहुमत के करीब पहुंचती नजर आ रही है. चुनाव में पहली बार उतरी टीवीके फिलहाल 110 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि एआईएडीएमके 64 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है.