तमिलनाडु में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं. इससे पहले बीजेपी ने 27 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी, जिसमें पार्टी के कद्दावर नेता के. अन्नामलाई का नाम नहीं था. बीजेपी की लिस्ट में अन्नामलाई का नाम गायब होने पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. अब खुद अन्नामलाई ने तमाम अटकलों पर फुल स्टॉप लगा दिया है.
कोयंबटूर से चेन्नई पहुंचे अन्नामलाई ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि वो इस बार किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव न लड़ने का फैसला उनका अपना है.
अन्नामलाई ने कहा, 'मैंने पहले ही कोर कमेटी को लिखित में बता दिया था कि मैं किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ूंगा. इसलिए टिकट दिए जाने के बजाय, सच ये है कि मैं खुद चुनाव नहीं लड़ना चाहता था.'
पार्टी का बचाव करते हुए अन्नामलाई ने कहा, 'जब मैं खुद चुनाव नहीं लड़ना चाहता, तो नेतृत्व मुझे टिकट कैसे दे सकता है? अगर मैं खुद को सीमित करना चाहूं, तो बात अलग है, वरना मैं कहीं से भी चुनाव लड़ सकता हूं.'
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में चुनावी मैदान से बाहर रख अन्नामलाई को बीजेपी ने बनाया 'फ्लोटिंग एसेट'
NDA के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे अन्नामलाई
अन्नामलाई ने इस दौरान अपने फैसले को सम्मान देने के लिए बीजेपी का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वो अब पूरे जी-जान के साथ NDA के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे. अन्नामलाई ने गठबंधन के साथियों के लिए चुनाव प्रचार करने का मौका देने के लिए बीजेपी का शुक्रिया अदा किया.
चुनाव प्रचार करने कोच्चि जाएंगे पीएम मोदी
अन्नामलाई ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए चेन्नई आ रहे हैं. पुडुचेरी में अपना अभियान पूरा करने के बाद पीएम मोदी आज अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वो कोच्चि जाएंगे और बीजेपी गठबंधन के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे.