scorecardresearch
 

केरलम: बीजेपी और LDF पर राहुल गांधी का हमला, सबरीमाला को लेकर PM मोदी पर तंज

केरलम के पतनमतिट्टा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य की एलडीएफ सरकार पर तीखा हमला बोला है.

Advertisement
X
राहुल गांधी ने कहा कि एलडीएफ पर बीजेपी का कंट्रोल है. (Photo: Screengrab)
राहुल गांधी ने कहा कि एलडीएफ पर बीजेपी का कंट्रोल है. (Photo: Screengrab)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केरलम के पतनमतिट्टा में चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य की एलडीएफ सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री कल यहां आए थे और वे जहां भी जाते हैं मंदिरों और धर्म की बात करते हैं, लेकिन सबरीमाला में जो हुआ उसे वे भूल गए. 

उन्होंने आरोप लगाया कि वामपंथी मोर्चे के नेताओं ने अयप्पा मंदिर का सोना ले लिया और उसकी जगह पीतल रख दिया. राहुल ने दावा किया कि दिल्ली की सत्ता में बैठी बीजेपी के कंट्रोल में केरलम की एलडीएफ सरकार पूरी तरह से काम कर रही है.

राहुल गांधी ने तर्क दिया कि बीजेपी लड़ाई लड़ने वालों पर हमले करती है और उनके खिलाफ 36 मामले दर्ज हैं, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री पर कोई हमला नहीं होता.

सबरीमाला पर PM मोदी से सवाल...

राहुल गांधी ने धार्मिक भावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी सबरीमाला की घटनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं. उन्होंने वामपंथी नेताओं पर सीधा हमला करते हुए कहा कि मंदिर की पवित्रता और संपत्तियों के साथ खिलवाड़ किया गया है. राहुल ने सवाल उठाया कि धर्म की राजनीति करने वाली बीजेपी इस गंभीर मुद्दे पर केरल सरकार के खिलाफ चुप क्यों है.

Advertisement

'एलडीएफ पर पूरा कंट्रोल...'

राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी जानती है कि अगर वे दिल्ली में सत्ता में हैं, तो केरलम में कोई भी LDF सरकार पूरी तरह से उनके नियंत्रण में होगी. इसका पहला सबूत यह है कि जो लोग BJP से लड़ते हैं, उन पर वे हमला करते हैं और उन्हें धमकाते हैं. मुझ पर भी हमला हुआ है और मेरे खिलाफ 36 मामले दर्ज हैं. केरलम के मुख्यमंत्री पर बीजेपी की तरफ से कोई हमला नहीं होता."

राहुल गांधी ने आगे कहा कि हम यहां चुनावों में एलडीएफ के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिसे बीजेपी का पूरा समर्थन हासिल है. एक तरफ यूडीएफ है और दूसरी तरफ LDF और BJP का गठबंधन है.  

उन्होंने आगे कहा, "केरलम के चुनावों में बीजेपी का एक छिपा हुआ हाथ है और वह यहां UDF को नहीं चाहती, क्योंकि वे जानते हैं कि देश में उन्हें चुनौती देने वाली एकमात्र ताकत कांग्रेस पार्टी है."

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement