scorecardresearch
 

CM हिमंता का इंटरनेशनल जलवा, शपथ ग्रहण में पहुंचे US राजदूत, सिंगापुर उच्चायुक्त बोले- प्यारे दोस्त को बधाई

असम में हिमंता बिस्वा सरमा के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत कूटनीतिक नजरिए से भी बेहद अहम रही. गुवाहाटी में हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि पूर्वोत्तर भारत अब वैश्विक साझेदारियों और व्यापारिक संभावनाओं के नए केंद्र के तौर पर देखा जा रहा है.

Advertisement
X
असम में हिमंता बिस्वा सरमा के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत हो चुकी है. (Photo: X/@USAmbIndia)
असम में हिमंता बिस्वा सरमा के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत हो चुकी है. (Photo: X/@USAmbIndia)

असम में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हिमंता बिस्वा सरमा के समारोह में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर की मौजूदगी चर्चा का विषय रही. गुवाहाटी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में किसी बड़े देश के राजदूत की मौजूदगी को कूटनीतिक लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है.

गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह में शामिल होने के बाद सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर असम और अमेरिका के बीच बढ़ते कारोबारी संबंधों का जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि अमेरिका और असम के बीच पहले से कई व्यापारिक संबंध मौजूद हैं.

उनका कहना है कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में दोनों पक्ष ऐसे और अवसर तलाशेंगे, जिनसे दोनों देशों को फायदा पहुंचे. गोर ने लिखा, "आज मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता पाकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं. US और असम के बीच कई व्यापारिक संबंध हैं.''

भारत में पद संभालने के बाद से ही सर्जियो गोर को अमेरिका के सबसे सक्रिय राजनयिकों में गिना जा रहा है. इससे पहले भी वह उस वक्त चर्चा में आए थे, जब उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बातचीत की पुष्टि बेहद संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली अंदाज में की थी. 

Advertisement

उधर, सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने भी हिमंता बिस्वा सरमा को दूसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी. उन्होंने X पर लिखा, "हमारे प्यारे दोस्त हिमंता बिस्वा को बहुत-बहुत बधाई. मुख्यमंत्री के तौर पर आपका नया कार्यकाल निस्संदेह असम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा. हम हमेशा की तरह असम के साथ खड़े रहेंगे."

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे. इसके अलावा कई विदेशी राजनयिकों और उद्योग जगत से जुड़े प्रमुख लोगों ने भी समारोह में शिरकत किया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement