scorecardresearch
 

‘सोते-जागते PDA ही PDA...’, यूपी सीएम का 5 सेकंड का वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने साधा निशाना

लखनऊ के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने परोक्ष रूप से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था. इसी भाषण का वीडियो क्लिप शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने पलटवार किया है.

Advertisement
X
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ‘चढ़ावा चोरों’ की बात सुनने के मूड में नहीं है. (File Photo: ITG)
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ‘चढ़ावा चोरों’ की बात सुनने के मूड में नहीं है. (File Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘80-20’ वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निशाना साधा है. अखिलेश ने सीएम योगी के भाषण का पांच सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बीजेपी सरकार पर पीडीए के उत्पीड़न का आरोप लगाया.

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने चिर-परिचित धमकी भरे अंदाज में खुद स्वीकार कर लिया है कि उनके शासन में पीडीए का उत्पीड़न रुकने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि पीड़ित, दुखी, अपमानित और पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासी लोगों के साथ बीजेपी सरकार का अत्याचार और अन्याय और बढ़ने वाला है.

उन्होंने आगे कहा, 'पीडीए को धमकी देती 5 सेकंड की ये स्वीकारोक्ति पीडीए का दमन करने वाले भाजपाइयों को 5 दशक क्या 5 सदियों और 5 जन्मों तक सिर उठाकर आंख मिलाने लायक नहीं छोड़ेगी. जब माननीय को सोते-जागते हर समय पीडीए-ही-पीडीए दिखता है तो हमारी सलाह तो ये है कि वो क्यों ना 108 मनकों पर पीडीए लिखवाकर, उसकी माला बनाकर पीडीए का जाप करें, इससे कम-से-कम उनके कुछ पाप तो कम होंगे.'
 
'2024 की हार की वजह से ऐसे बयान'

Advertisement

अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के चुनाव में हार की वजह से संतुलन बिगड़ गया है, इसलिए ऐसे असंतुलित बयान सामने आ रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी के पास अपनी बात करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है. अखिलेश ने कहा कि उपलब्धियों के स्तर पर बीजेपी दिवालिया है. उन्होंने यह भी कहा कि जनता ‘चढ़ावा चोरों’ की बात सुनने के मूड में नहीं है.

सीएम योगी ने क्या कहा था?

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को लखनऊ के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परोक्ष रूप से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव ने बता दिया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई फिर 80-20 की हो गई है. 80 फीसदी एनडीए और 20 फीसदी पीडीए का हिस्सा है. इसके बाद उन्होंने कहा कि पीडीए का क्या हाल होने वाला है, यह फिर सामने आने वाला है. इसी बयान को लेकर अब अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement