scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बिहार में सरेआम लड़की की ‘किडनैपिंग’ के दावे से वायरल हो रहा ये वीडियो स्क्रिप्टेड है

बिहार का बताकर वायरल किया जा रहा लड़की के अपहरण का वीडियो असली घटना नहीं है. आजतक फैक्ट चेक की पड़ताल में सामने आया कि यह एक स्क्रिप्टेड वीडियो है, जिसे मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था. वीडियो को सोशल मीडिया पर बिहार में अपराध की घटना बताकर शेयर किया जा रहा था.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो बिहार का है, जहां बीच सड़क पर एक लड़की का अपहरण कर लिया गया.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये किसी असल घटना का वीडियो नहीं है. ये एक स्क्रिप्टेड वीडियो है.

बिहार का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग किसी चलती-फिरती सड़क पर एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक लड़की को जबरन गाड़ी में खींचकर ले जाते हैं. एक बाइक सवार लड़की को बचाने की कोशिश में उनका पीछा करता भी दिखाई देता है.

वीडियो को शेयर करते हुए लोग बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की आलोचना भी कर रहे हैं. एक्स पर एक व्यक्ति ने लिखा, “बिहार में जंगलराज. भाजपा के सम्राट चौधरी के शासन में राह चलती लड़की का अपहरण. अगर ये सम्राट चौधरी की बेटी होती तो एक्शन तुरंत होता. पर क्या ही दिक्कत है जनता है पिसने दो इन्हें यही चाहती है भाजपा सरकार. ये बिहार है. भाजपा के हर शासित राज्य का अपराध और गुंडों से विशेष नाता है.”


आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये किसी असल घटना का वीडियो नहीं है. ये एक स्क्रिप्टेड वीडियो है.

कैसे पता चली सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये ‘ISA007’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला. यहां इसे 12 अक्टूबर को अपलोड किया गया था. इस चैनल पर वायरल वीडियो से मिलते-जुलते ढेरों वीडियो मौजूद हैं, जिनमें लड़कियों का अपहरण या उनके साथ छेड़खानी जैसी घटनाएं दिखाई गई हैं. इसके अलावा यहां वायरल वीडियो के भी कई अलग-अलग वर्जन मौजूद हैं.

Advertisement


चैनल के बायो में साफ लिखा है कि उनके सभी वीडियो मनोरंजन के उद्देश्य से बनाए जाते हैं. इस चैनल पर कई वीडियो में दिखाई गईं बाइक पर ‘Muklesur Bhaijaan’ लिखा हुआ दिखाई देता है. सर्च करने पर हमें ‘Muklesur Bhaijaan’ नाम का एक यूट्यूब चैनल भी मिला. यहां भी वायरल वीडियो के कई वर्जन मौजूद हैं. इस चैनल के बायो के मुताबिक उनके सभी वीडियो स्क्रिप्टेड होते हैं और मनोरंजन के उद्देश्य से बनाए जाते हैं.साफ है कि एक स्क्रिप्टेड वीडियो को असली घटना का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है

.
वायरल वीडियो स्क्रिप्टेड है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं. जमुई में छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना के बाद देशभर में आक्रोश देखा गया. इसके अलावा, समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़, मुजफ्फरपुर में साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ हैवानियत जैसी कई घटनाएं सामने आई थीं.

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement