केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 21 अप्रैल को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनका समय समाप्त हो गया है. उन्होंने दावा किया कि बंगाल में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की होगी. केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, 'ममता दीदी को देश की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है. इनको सिर्फ अपना वोटबैंक, घुसपैठिए ही दिखाई देते हैं. वो सिर्फ अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनना चाहती हैं और बंगाल के लोगों को गुमराह कर रही हैं कि बीजेपी जीती तो राज्य का अगला मुख्यमंत्री बाहरी होगा.'
अमित शाह ने कहा, 'आज मैं कहकर जाता हूं, कोई भाईपो (भतीजा) भविष्य में बंगाल का मुख्यमंत्री नहीं बनेगा. भाईपो ने चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य छोड़ने के लिए टिकट खरीद लिया है. बंगाल का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, बंगाल में ही जन्मा हुआ होगा और बंगाली बोलने वाला होगा.' पश्चिम मेदिनीपुर के चांदीपुर में दिन की अपनी आखिरी जनसभा में बोलते हुए शाह ने कहा, 'यह चुनाव के पहले चरण की आखिरी रैली है. मैं दीदी (ममता बनर्जी) से कहना चाहता हूं- टाटा, बाय-बाय. आपका समय समाप्त हुआ. आपने बंगाल की जनता को बहुत परेशान कर लिया. अब आपके जाने और कमल के फूल के आने की बारी है.'
बंगाल में 4 मई को भाजपा की जीत निश्चित
उन्होंने आगे दावा किया कि 4 मई को बंगाल में भाजपा की जीत निश्चित है. अमित शाह ने कहा, 'आज मैं घुसपैठियों को बता रहा हूं कि मतगणना 4 तारीख को है और 5 तारीख को भाजपा की सरकार बनेगी… जल्दी से बांग्लादेश जाने के लिए तैयार हो जाओ. दीदी ने बंगाल की सीमा को घुसपैठियों के लिए खोलकर रखा है. आप सुवेंदु अधिकारी को जिताइए, हम 45 दिनों में सीमा सील कर देंगे. घुसपैठियों को घुसने नहीं देंगे. अब बंगाल में भय से भरोसे की यात्रा पीएम मोदी के नेतृत्व में शुरू होगी.'
यह भी पढ़ें: रात में दोपहिया वाहन बैन, दिन में पीछे सवारी बैठाने पर रोक... बंगाल में सख्त नियम लागू
अमित शाह ने रैली में क्षेत्र के डेवलपमेंट का रोडमैप भी बताया. उन्होंने कहा, 'चांदीपुर और आसपास के क्षेत्रों में पान की खेती होती है, इसलिए भारत सरकार द्वारा यहां एक पान अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जाएगा.' राजनीतिक विरोधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए अमित शाह ने कहा, 'मैं ममता के गुंडों को भी बता रहा हूं कि वे 23 तारीख को अपने घरों से बाहर न निकलें… 5 तारीख को भाजपा सरकार आ रही है. हम उन्हें पाताल लोक से भी ढूंढ निकालेंगे और सलाखों के पीछे भेज देंगे.'
घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ेंगे
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ पर भाजपा के रुख को दोहराते हुए कहा, 'भाजपा ने देश को नक्सलवाद से मुक्त कराया है, और आज मैं यह दोहरा रहा हूं कि भारतीय जनता पार्टी अकेले ही पूरे देश को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए काम करेगी. बंगाल की खाड़ी से लेकर हिंद महासागर तक, हम घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं छोड़ेंगे.' बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को चुनाव होंगे. नतीजे 4 मई को घोषित होंगे.