देश के 16 राज्यों में बीजेपी के मुख्यमंत्री हैं, क्या पश्चिम बंगाल 17वां राज्य बनेगा? आजतक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से यह सवाल पूछा, जो पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में रोड शो निकाल रहे थे. बंगाल में भाजपा की पूरी चुनावी रणनीति के केंद्र में वही हैं.
अमित शाह ने कहा, 'मैं पूरे प्रथम चरण में घूमकर आया हूं और आज दूसरे चरण में मेरा यह चौथा चुनावी कार्यक्रम है. कोलकाता शहर, जहां हमें कभी एक भी सीट नहीं मिली थी, वहां आज किलोमीटरों तक हुजूम दिखाई दे रहा है. हम अपेक्षा भी नहीं कर सकते- इतना बड़ा जनसमर्थन है. भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रूपा गांगुली के स्वागत में उमड़ी भीड़ ही बता रही है कि अगली सरकार भाजपा की बनने जा रही है.'
पिछली बार कोलकाता की 11 की 11 सीटें ममता बनर्जी की पार्टी को मिली थीं और बीजेपी 77 सीटों पर सिमट गई थी. तो फिर बीजेपी इस बार 140 पार या 170 सीटों का दावा कैसे कर पा रही है? इस पर अमित शाह ने कहा, 'देखने का नजरिया अलग होता है. हम 2 से 77 सीटों तक पहुंचे थे- यह बहुत बड़ी छलांग थी. अब आप खुद अंदाजा लगाइए कि 77 से कहां पहुंचेंगे. इस बार बीजेपी पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है.'
यह भी पढ़ें: चुनावी बंगाल में कितने दिन ड्राई डे? चुनाव आयोग ने दिन और समय पर दी सफाई
दीदी के गुंडे निकलेंगे, तो जनता जवाब देगी
रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुए अमित शाह ने कहा, 'अगर मेरे रोड शो में इतना बड़ा जनसैलाब उमड़ रहा है, तो यह संकेत है कि इस बार स्वयंभू वोटिंग होगी. मैं कोई सेलिब्रिटी नहीं हूं, एक साधारण कार्यकर्ता हूं. अगर दीदी के गुंडे निकलेंगे, तो जनता उनको जवाब देगी. मैं आक्रामक नहीं हूं, जनता आक्रामक है.' सोनारपुर में सड़कों पर भारी भीड़ दिखाई दी. लोग गाड़ियों पर चढ़कर अमित शाह को देखने की कोशिश कर रहे थे. महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी नजर आई.
महिला आरक्षण और महिला वोटों के सवाल पर, जहां पिछली बार बीजेपी को करीब 36% महिला वोट मिले थे और टीएमसी को 50%, अमित शाह ने कहा, 'बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं. महिला सुरक्षा बीजेपी के लिए बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है. अगर कोई मुख्यमंत्री कहे कि शाम 7 बजे के बाद महिलाएं बाहर न निकलें, तो यह किस प्रकार का शासन है? मैं बंगाल की माताओं-बहनों से वादा करता हूं कि भाजपा सरकार बनने के बाद आधी रात को भी एक लड़की स्कूटी लेकर सुरक्षित निकल सकेगी. हमने यह कई राज्यों में करके दिखाया है. यहां खुलेआम बलात्कार और छेड़खानी होती है, और उल्टा महिलाओं को ही घर में रहने की सलाह दी जाती है.'
प्रधानमंत्री मोदी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 'आतंकी' वाली टिप्पणी पर अमित शाह ने कहा, 'जिस व्यक्ति ने आतंकवाद के खिलाफ अपना पूरा जीवन लगा दिया, उसे आतंकवादी कहना गलत है. मुझे लगता है कि खड़गे साहब पर राहुल गांधी का असर पड़ गया है.' पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल अपने चरम पर है और सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं. पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को दूसरे चरण की 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. नतीजे 4 मई को घोषित होंगे.