scorecardresearch
 

पंजाब चुनाव 2027: आम आदमी पार्टी कल जारी करेगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 31 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ हुई बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई.

Advertisement
X
सीएम भगवंत मान ने बताया कि शुक्रवार की बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई है. (File Photo: X/@AAPPunjab)
सीएम भगवंत मान ने बताया कि शुक्रवार की बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई है. (File Photo: X/@AAPPunjab)

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में आम आदमी पार्टी जुट गई है. इस क्रम में पार्टी शनिवार, 31 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करेगी. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ बैठक के बाद यह जानकारी दी. 

उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक होगी. इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जाएगी.

सीएम भगवंत मान ने बताया कि शुक्रवार की बैठक में कई नामों पर चर्चा हुई है. संभावित उम्मीदवारों के नामों को शॉर्टलिस्ट कर शुक्रवार शाम PAC के पास भेजा जाएगा. शनिवार की बैठक में इन नामों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि अभी उम्मीदवारों के नाम फाइनल नहीं हुए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में जनता से मिले फीडबैक और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा. पार्टी ने अलग-अलग क्षेत्रों में सर्वे भी कराए हैं. मान के मुताबिक, जिन नेताओं के कामकाज और जनता के बीच स्वीकार्यता को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी, उन्हें टिकट देने पर विचार किया जाएगा.

Advertisement

बैठक में पंजाब AAP अध्यक्ष अमन अरोड़ा और राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए. मान ने बैठक को सकारात्मक और उपयोगी बताया. उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी आगे भी बैठकें करेगी और सर्वे कराएगी.

पांच साल के काम के आधार पर वोट मांगेगी AAP

भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब में पिछले पांच साल के दौरान किए गए काम के आधार पर जनता के बीच जाएगी. इसमें बिजली, पानी की आपूर्ति, स्कूल, अस्पताल, सड़कें और बुनियादी ढांचे से जुड़े काम प्रमुख होंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी सकारात्मक राजनीति करना चाहती है और चुनाव में विकास के मुद्दों को उठाएगी.

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं. मौजूदा विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को पूरा हो रहा है. राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के फैसले को AAP की चुनावी तैयारियों की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement