CBSE ने 12वीं के उन स्टूडेंट्स के लिए एक जरूरी अपडेट दिया है जो अपनी कॉपी दोबारा चेक करवाना चाहते हैं. बोर्ड ने कहा है कि रिजल्ट के बाद की सर्विसेज के लिए जो पोर्टल बनाया गया है, वो अब 1 जून से शुरू होगा.
12वीं के रिजल्ट आने के बाद बहुत से स्टूडेंट्स को लगता है कि उनके नंबर गलत जोड़े गए या कॉपी ठीक से नहीं देखी गई. ऐसे स्टूडेंट्स के लिए CBSE एक मौका देता है, जिसमें वो अपनी कॉपी की जांच करवा सकते हैं. इसे वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन कहते हैं.
वेरिफिकेशन का मतलब है कि नंबर सही से जोड़े गए या नहीं, यह चेक किया जाए. री-इवैल्यूएशन का मतलब है कि कॉपी को फिर से पूरे ध्यान से देखा जाए.
इसके लिए CBSE एक खास पोर्टल चलाता है जिसे पोस्ट-रिजल्ट एक्टिविटी पोर्टल कहते हैं. इसी पोर्टल पर जाकर स्टूडेंट्स अपनी अर्जी डालते हैं. अब CBSE ने बताया है कि यह पोर्टल 1 जून 2026 से खुलेगा. पहले यह किसी और तारीख को खुलने वाला था, लेकिन बोर्ड ने तारीख आगे बढ़ा दी.
बोर्ड ने इसकी वजह भी बताई. CBSE का कहना है कि वो चाहते हैं कि जब पोर्टल खुले तो कोई तकनीकी दिक्कत न आए. यानी वेबसाइट क्रैश न हो, फॉर्म सही से भरे जाएं और सबको आसानी से एक्सेस मिले. इसीलिए थोड़ा और वक्त लिया गया है ताकि बैकएंड यानी पोर्टल का अंदरूनी सिस्टम और मजबूत हो सके.
स्टूडेंट्स को क्या करना है?
जिन भी स्टूडेंट्स को लगता है कि उनके नंबरों में गड़बड़ी है या कॉपी दोबारा चेक होनी चाहिए, उन्हें 1 जून का इंतजार करना होगा. उसके बाद वो CBSE के पोस्ट रिजल्ट एक्टिविटीज पोर्टल पर जाकर अपनी अर्जी दे सकते हैं. CBSE ने कहा है कि फॉर्म भरते वक्त सारी जानकारी ध्यान से भरें और कोई गलती न हो.
यह भी पढ़ें: CBSE की 'टूल-किट' लीक! क्या OSM पर डैमेज कंट्रोल के लिए स्कूलों को मिली सोशल-मीडिया की स्क्रिप्ट?
अगर कोई सवाल हो तो कहां जाएं
CBSE ने स्टूडेंट्स की मदद के लिए दो रास्ते खोले हैं. पहला - अगर फोन पर बात करनी हो तो CBSE का टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन नंबर है. 1800 11 8004. यह नंबर फ्री है.
दूसरा - अगर ईमेल करना हो तो इस पते पर लिख सकते हैं. resultcbse2026@cbseshiksha.in. बोर्ड ने कहा है कि ये सुविधाएं इसलिए दी गई हैं ताकि स्टूडेंट्स को कोई उलझन न हो और वक्त पर मदद मिल सके.