scorecardresearch
 

कॉम्पिटिशन की तैयारी छोड़ पेपर लीक गैंग से जुड़ गया था आरोपी, अब पुलिस भर्ती परीक्षा धांधली में गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में एसटीएफ की टीम कड़ी जांच कर रही हैं. पुलिस ने पेपर लीक गैंग के आरोपी प्रवीन उर्फ मिन्टू बालियान को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पुलिस को बयान में बताया कि वे इस गिरोह से कैसे जुड़ा था.

Advertisement
X
प्रतीकात्मक तस्वीर.
प्रतीकात्मक तस्वीर.

UP Police Constable Paper Leak 2024: उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में योगी सरकार ने परीक्षा निरस्त करने और छह महीने में दोबारा परीक्षा कराने के आदेश दिए हैं. सरकार की सख्ती के बाद अब इस परीक्षा में धांधली के आरोप‍ियों की धरपकड़ लगातार जारी है. एसटीएफ द्वारा एक टीम गठित की गई है जो कि आरोपियों का पता लगाने के लिए कड़ी जांच कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने शुक्रवार को परीक्षा धांधली में एक और आरोपी प्रवीन उर्फ मिन्टू बालियान को गिरफ्तार किया है.

पहले खुद कर रहा था तैयारी और...

गिरफ्तार हुए प्रवीन उर्फ मिन्टू बालियान ने बयान में पुलिस को बताया कि वह साल 2008-09 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कस्बा शाहपुर, मुजफ्फरनगर में कर रहा था. उसी दौरान उसकी मुलाकात जनपद गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले अन्नू मलिक से हुई. अन्नू पैसा लेकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करने का गैंग चलाता था. उसने मिंटू को भी अपनी धांधली में शामिल कर लिया. अन्नू मलिक के सम्पर्क में आकर मिंटू भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करने लग गया था. वहीं अभियुक्त प्रवीण उर्फ मिन्टू बालियान के साथ काम में मदद करने वाला उसका रिश्तेदार विपिन निवासी सरूरपुर बागपत भी धांधली में शामिल हो गया. विपिन वर्ष 2012 में सेना से रिटायर हुआ है. विपिन भी रिटायर होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली कराने के काम करने लगा था. इसके अलावा मिंटू का एक और रिश्तेदार कपिल तोमर भी इनके साथ मिलकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करने का काम करता है जो पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है.  

Advertisement

परीक्षा पास कराने के नाम पर लिए दो लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रवीन उर्फ मिन्टू बालियान और उसके साथियों ने इब्राहिमपुर जनपद बागपत निवासी इन्द्र प्रताप सिंह से सिपाही भर्ती परीक्षा पास कराने के एवज में दो लाख रुपये ले रखे थे. लेकिन, काम पूरा न होने के कारण इन्द्र प्रताप सिंह ने इन लोगो के ख‍िलाफ थाना शाहपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई.

ऐसे खुली पोल 
इस मामले में 17 फरवरी को गाजियाबाद के परीक्षा केन्द्र से अभियुक्त गुरुवचन एवं राजकुमार को गिरफ्तार किया गया था. इनके फोन से यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का दिनांक 18 फरवरी की द्वितीय पाली का प्रश्नपत्र बरामद हुआ था. जांच के बाद सामने आया कि यह प्रश्न पत्र कपिल तोमर द्वारा गुरूवचन आदि को उपलब्ध कराया गया था. कपिल तोमर की गिरफ्तारी के बाद यह तथ्य प्रकाश में आया कि कपिल तोमर को उक्त कथित प्रश्न पत्र अभियुक्त प्रवीण उर्फ मिन्टू एंव विपिन द्वारा उपलब्ध कराया गया था. इस परीक्षा के परीक्षार्थियों को परीक्षा पत्र उपलब्ध कराने की एवज में प्रत्येक अभ्यर्थी से पांच लाख लेना तय हुआ था लेकिन परीक्षा निरस्त हो जाने के कारण
अभियुक्तगण अभ्यार्थियों से पैसा प्राप्त नहीं कर पाए. 

ये परीक्षा भी लीक कराने का था प्लान
जांच में सामने आया कि वर्तमान में कर्मचारी चयन आयोग, दिल्ली द्वारा केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल में आरक्षी जीडी की ऑनलाइन परीक्षा देशभर में विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर संचालित की जा रही है. इस परीक्षा में भी अभियुक्त मिन्टु बालियान व विपिन आदि धांधली कराने में संलिप्त हैं. अभियुक्त प्रवीण उर्फ मिन्टू बालियान से विभिन्न परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड बरामद हुए हैं. साथ ही अभ्यर्थियों को नकल कराने के लिए आंसर शीट देकर परीक्षा में पास कराने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी से चार लाख रुपये लेना तय हुआ था. गिरफ्तार अभियुक्त प्रवीण उर्फ मिन्टु बालियान की अन्य गतिविधियों के बारे में पता लगाया जा रहा है. आरोपियों के ख‍िलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके पूछताछ की जा रही है.

Advertisement

सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार हुए आरोपी

इससे पहले भी यूपी एसटीएफ और सिद्धार्थनगर की पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इन आरोपियों के पास से मार्कशीट, ब्लैंक चेक, मोबाइल फोन आदि बरामद हुआ है. बताया जा रहा है कि यह गैंग अभ्यर्थियों की मार्कशीट और स्टैम्प पेपर गिरवी रखवा कर, उनको व्हाट्सएप के माध्यम से 2 घंटे पहले पेपर उपलब्ध करवाता था.

पेपर लीक के आरोपियों को लगातार गिरफ्तार कर रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि 28 फरवरी को सिद्धार्थनगर में एसओजी, सर्विलांस सेल, STF यूनिट गोरखपुर एवं पुलिस द्वारा प्रदेश में आयोजित पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने वाले 4 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. गौरतलब है कि यूपी सरकार ने भले ही पुलिस भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है. इसके बाद भी 'मुन्‍ना भाइयों' के पकड़े जाने का सिलसिला जारी है. प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी चल रही है. इसके तार पश्चिम बंगाल तक फैले हुए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement