सिल्वर स्क्रीन पर आनंद कुमार की जिंदगी के संघर्ष को पर्दे पर उतारने वाले बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन और मशहूर शिक्षक आनंद कुमार की बॉउंडिंग किसी से छिपी नहीं है. एक बार फिर इस जोड़ी ने सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींच लिया है, वजह है आनंद कुमार का नया एजुकेशनल इनिशिएटिव 'सुपर इनफिनिटी'.
आनंद कुमार के इस नए कदम की सराहना करते हुए एक्टर ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी है. ऋतिक ने लिखा, 'सुपर इनफिनिटी के रूप में एक और शानदार पहल के लिए बधाई, आनंद सर! सिर्फ आप ही पढ़ाई को इतना मजेदार बना सकते हैं.' इसके साथ ही उन्होंने आनंद कुमार को सैल्यूट करते हुए लिखा, 'टेक ए बो.'
क्या है आनंद कुमार का 'सुपर इनफिनिटी'?
देशभर में गरीब और वंचित बच्चों को आईआईटी की मुफ्त कोचिंग देकर उनके सपने सच करने वाले 'सुपर 30' फेम आनंद कुमार अब अपनी इस टीचिंग रीच को और आगे बढ़ा रहे हैं. 'सुपर इनफिनिटी' एक ऐसा नया इनिशिएटिव है, जिसके जरिए वे यूट्यूब के माध्यम से क्वालिटी एजुकेशन और मैथमेटिक्स के डर को दूर करने के लिए दुनिया भर के बच्चों तक पहुंच रहे हैं. उनका मकसद ट्रेडिशनल क्लासरूम से आगे निकलकर डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए हर बच्चे के लिए पढ़ाई को सुलभ और दिलचस्प बनाना है.
ऋतिक के मैसेज पर क्या बोले आनंद कुमार?
ऋतिक रोशन के इस प्यार भरे और उत्साहवर्धन संदेश का जवाब देते हुए आनंद कुमार ने भी दिल छू लेने वाली बात कही. उन्होंने लिखा, 'थैंक यू ऋतिक जी, आपने बड़े पर्दे के जरिए मेरी 'सुपर 30' की जर्नी को करोड़ों लोगों तक पहुंचाया. आज 'सुपर इनफिनिटी' के लिए आपका यह प्रोत्साहन मुझे दुनिया भर के हर बच्चे तक गणित को मजेदार और आसान बनाने के मेरे सपने को आगे बढ़ाने की और ज्यादा ताकत देता है. ढेर सारा प्यार और आभार.'
बता दें कि साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'सुपर 30' में ऋतिक रोशन ने आनंद कुमार का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था. फिल्म के बाद से ही दोनों के बीच एक गहरा रिश्ता बना हुआ है, और आज भी वे एक-दूसरे के अच्छे कामों में खुलकर सपोर्ट करते नजर आते हैं. पद्मश्री से सम्मानित आनंद कुमार का यह नया डिजिटल सफर निश्चित रूप से देश के लाखों छात्रों के लिए गणित को आसान बनाने में मददगार साबित होगा.