गुजरात के अहमदाबाद में एक टीचर ने नौवीं कक्षा के छात्र को क्लासरूम में लगातार छह थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद छात्र के पिता ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. मामले को गंभीरता से लेते हुए अहमदाबाद शहर की जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रोहिणी चौधरी ने स्कूल प्रशासन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. साथ ही, मामले की जांच के लिए शिक्षा निरीक्षक को स्कूल भेजने की बात कही है.
क्लासरूम में छात्र को मारे छह थप्पड़
यह मामला अहमदाबाद के अंबावाड़ी स्थित शेठ सी.एन. विद्यालय का है, जहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. छात्र के पिता ने स्कूल के प्रिंसिपल धवल पाठक को पत्र लिखकर शिक्षक घनश्याम सिंह डाभी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने अहमदाबाद शहर के जिला शिक्षा अधिकारी को भी इस घटना की जानकारी दी और शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक, शिक्षक ने क्लासरूम में दूसरे छात्रों के सामने उनके बेटे को छह थप्पड़ मारे. पिता का कहना है कि इस घटना के बाद उनका बेटा डर गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक के इस व्यवहार से बच्चे को शारीरिक और मानसिक परेशानी हुई है. उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाओं का बच्चों के मानसिक विकास पर बुरा असर पड़ सकता है. इसे लेकर उन्होंने मांग की है कि शिक्षक के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो, जिससे भविष्य में किसी दूसरे छात्र के साथ ऐसी घटना न हो.
CCTV में क्या दिख रहा है?
जारी हुए सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, घटना 14 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:45 से 1 बजे के बीच कक्षा 9-B में हुई. फुटेज में शिक्षक बच्चों को पढ़ाते नजर आते हैं. इसी दौरान वह आखिरी बेंच पर बैठे एक छात्र को आगे की बेंच पर बैठने के लिए कहते हैं. छात्र आगे आकर बैठ जाता है और शिक्षक से उसकी कुछ बातचीत भी होती दिखाई देती है. इसके बाद शिक्षक दोबारा कक्षा में पढ़ाना शुरू कर देते हैं. कुछ देर बाद वह आगे की बेंच पर बैठे छात्र के पास जाते हैं और उसे एक के बाद एक छह थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं. इसके बाद शिक्षक छात्र को क्लास से बाहर जाने को कहता है.
स्कूल ने शिक्षक को जारी किया लिखित नोटिस
अब जब यह मामला संज्ञान में आया है तब, स्कूल के प्रिंसिपल धवल पाठक ने बताया कि घटना 14 अक्टूबर की है. इसके अगले दिन छात्र के पिता ने स्कूल में शिकायत की थी. उन्होंने कहा कि अभिभावक की शिकायत मिलने के बाद शिक्षक को बुलाकर लिखित नोटिस जारी किया गया है. शिक्षक का जवाब मिलने के बाद स्कूल मैनेजमेंट आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा.
DEO ने जांच के आदेश दिए
अहमदाबाद शहर की जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी चौधरी ने बताया कि छात्र के पिता ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी थी. इसके बाद स्कूल को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ क्यों मारे और इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है. DEO के मुताबिक, मामले की जांच के लिए शिक्षा निरीक्षक को स्कूल भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट और स्कूल प्रशासन का जवाब मिलने के बाद शिक्षक के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी.