नौकरी के इंटरव्यू में आमतौर पर उम्मीदवार की पढ़ाई, अनुभव और काम करने की क्षमता के बारे में सवाल पूछे जाते हैं. लेकिन क्या किसी महिला से यह पूछना सही है कि वह शादी के बाद बच्चा कब करने वाली है? यह सुनने में अजीब जरूर लग रहा है लेकिन हाल ही में एक महिला ने अपना ऐसा ही अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उनका कहना है कि HR ने उनकी शादी के बारे में जानने के बाद उनसे पूछा कि कहीं वह जल्द बच्चा करने की योजना तो नहीं बना रही हैं. इस सवाल ने उन्हें असहज कर दिया और अब सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस छिड़ गई है.
बातचीत के दौरान शादी की बात चली पता
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शताक्षी द्विवेदीस ने एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने अपने इंटरव्यू से जुड़ा अनुभव शेयर किया है. उन्होंने इस घटना को HR की ओर से पूछा गया सबसे अनुचित सवाल बताया है.
शताक्षी के मुताबिक, इंटरव्यू की शुरुआत सामान्य तरीके से हुई थी. HR ने उनसे पूछा कि वह कहां रहती हैं और घर से ऑफिस आने-जाने में उन्हें कोई परेशानी तो नहीं होगी. इसकी वजह उनके घर से ऑफिस की दूरी थी.
इस पर शताक्षी ने बताया कि उन्हें आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी. ऐसा इसलिए क्योंकि उनके पति का भी ऑफिस यहीं पर हैं. ऐसे में वह उनके साथ ऑफिस आ सकती हैं. बस इसके बाद से ही HR की बात करने का तरीका बदल गया.
इसके बाद HR ने उनकी शादी के बारे में पूछा. जब शताक्षी ने बताया कि उनकी हाल ही में शादी हुई है, तो उनकी ओर से जो सवाल आया वह ये था कि क्या वह जल्द ही बच्चा करने की योजना तो नहीं बना रही हैं. यह सवाल सुनकर वह असहज हो गईं.
क्या था महिला का रिएक्शन?
अब सोशल मीडिया पर शताक्षी ने अपने इस अनुभव के बारे में बताया है. उन्होंने उन कंपनियों के रवैये पर सवाल उठाया, जो महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को बराबरी के अवसर देने की बात करती हैं.
उनका कहना था कि एक तरफ कंपनियां महिलाओं को आगे बढ़ाने और उनके लिए समान अवसर बनाने की बात करती हैं, लेकिन वहीं दूसरी तरफ इंटरव्यू में उनसे शादी और बच्चे की योजना जैसे निजी सवाल पूछे जाते हैं.
शताक्षी ने उस कंपनी का नाम नहीं बताया, जहां उनका इंटरव्यू हुआ था. हालांकि, उनका अनुभव सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी नौकरी के दौरान अपने साथ हुई ऐसी घटनाएं शेयर की हैं.
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रिया
जैसे ही सोशल मीडिया पर ये वीडियो आया लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी. कई महिलाओं ने कहा कि इस तरह के सवाल सिर्फ शादीशुदा महिलाओं तक सीमित नहीं हैं. अविवाहित महिलाओं से भी इस तरह से सवाल किए जाते हैं. क्या वह अभी शादी की प्लानिंग कर रही हैं?
एक यूजर ने लिखा कि अविवाहित महिलाओं से पूछा जाता है कि वे शादी कब करेंगी. शादीशुदा महिलाओं से सवाल होता है कि वे बच्चा कब करेंगी. वहीं, मां बन चुकी महिलाओं से पूछा जाता है कि वे नौकरी और बच्चे की जिम्मेदारी एक साथ कैसे संभालेंगी.
एक अन्य यूजर ने भी अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि इंटरव्यू में उनसे सीधे बच्चे की योजना के बारे में पूछा गया था. उन्होंने हैरानी जताई कि साल 2026 में भी महिलाओं को इस तरह के असहज सवालों का सामना करना पड़ रहा है.
कुछ यूजर्स ने शताक्षी के अनुभव पर दुख जताया और कहा कि इंटरव्यू में उम्मीदवार की योग्यता और काम करने की क्षमता पर ध्यान दिया जाना चाहिए, न कि उसकी निजी जिंदगी पर.
इंटरव्यू में निजी सवालों पर क्यों हो रही बहस?
नौकरी का इंटरव्यू किसी उम्मीदवार के अनुभव, स्किल और पद के लिए उसकी उपयुक्तता को समझने का मौका होता है. ऐसे में शादी या बच्चा करने की योजना से जुड़े सवाल यह चर्चा पैदा करते हैं कि क्या महिला उम्मीदवारों को उनकी निजी जिंदगी के आधार पर भी आंका जा रहा है.
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि कामकाजी महिलाओं को नौकरी पाने के दौरान किन असहज सवालों का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि, शताक्षी ने जिस कंपनी में इंटरव्यू दिया था, उसका नाम सामने नहीं आया है और यह घटना उनके सोशल मीडिया पर साझा किए गए अनुभव पर आधारित है.