दिल्ली यूनिवर्सिटी ने 2025-26 सत्र में ग्रेजुएशन एडमिशन के लिए पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी कर दी है. यह लिस्ट सीएसएएस-यूजी एडमिशन प्रक्रिया का आखिरी चरण शुरू होने के बाद जारी की गई है. इसमें 69 कॉलेजों के 79 ग्रेजुएशन कोर्स की 71,624 सीटों के लिए 93,166 छात्रों को सीटें आवंटित की गई हैं. इसमें अलग-अलग कैटेगरी जैसे जनरल, OBC, EWS, SC, ST, PwBD और अन्य आरक्षित वर्गों के छात्रों को शामिल किया गया है. इनमें आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और परफॉर्मिंग आर्ट्स जैसे कई विषयों के ऑनर्स और मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स शामिल हैं.
यूनिवर्सिटी ने 71,624 सीटों के लिए 93 हजार से ज्यादा सीटें अलॉट की हैं, क्योंकि हर साल कई छात्र अपनी पसंद के कॉलेज या कोर्स के लिए सीट बदलते हैं. इससे खाली होने वाली सीटों को भरने में मदद मिलती है.
प्रवेश प्रक्रिया CSAS-UG के माध्यम से की जा रही है. इसमें छात्रों के CUET-UG स्कोर, कैटेगरी के अनुसार आरक्षण और छात्रों की ओर से चुनी गई कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखा जाता है. विश्वविद्यालय के अनुसार, सिंगल गर्ल चाइल्ड श्रेणी में 1,325 सीटें दी गई हैं. इसके अलावा 259 अनाथ उम्मीदवारों को भी सीटें मिली हैं, जिनमें 127 लड़कियां और 132 लड़के शामिल हैं.
दो घंटे में ही छात्रों ने स्वीकार कर ली सीटें
पहली सीट आवंटन सूची जारी होने के दो घंटे के भीतर ही 27,533 उम्मीदवारों ने अपनी आवंटित सीटें स्वीकार कर लीं, जो आवेदकों की ओर से मिली मजबूत प्रारंभिक प्रतिक्रिया को दर्शाती है. जिन उम्मीदवारों को सीटें आवंटित की गई है उन्हें 21 जुलाई को शाम 4:59 बजे तक अपना आवंटन स्वीकार करना होगा. इसके बाद, कॉलेज 22 जुलाई तक आवेदनों का सत्यापन और अनुमोदन करेंगे. पहले चरण के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 जुलाई है. विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ प्रदर्शन-आधारित कार्यक्रमों के लिए सीटों का आवंटन तीसरे चरण में घोषित किया जाएगा.
तीसरे चरण में शामिल होंगी ये चीजें
तीसरे चरण में बीए (ऑनर्स) हिंदुस्तानी संगीत, बीए (ऑनर्स) कर्नाटक संगीत, बीए (ऑनर्स) पर्क्यूशन संगीत, बीएससी शारीरिक शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा और खेल (बीएससी पीई, एचई एंड एस) और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स जैसे कोर्स शामिल हैं. इन कोर्सों में दाखिला लेने वाले छात्रों को संबंधित कॉलेज या विभाग की वेबसाइट पर ट्रायल का शेड्यूल जरूर देखना चाहिए. विश्वविद्यालय ने बताया कि छात्र अपने डैशबोर्ड पर न्यूनतम आवंटन स्कोर और अपनी आवंटन रैंक देख सकते हैं. इसके साथ ही न्यूनतम आवंटन स्कोर प्रवेश पोर्टल पर भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे.