विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने नोएडा में 12वीं के छात्र की मौत केस में कुछ अफ्रीकी नागरिकों की पिटाई और गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश सरकार से रिपोर्ट मांगी है. उन्होंने इस बाबत यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से भी बात की है. योगी ने सुषमा को इस मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है. नाइजीरियाई छात्रों से मारपीट के संबंध में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के मुताबिक, छात्र की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने ग्रेटर नोएडा में नाइजीरियाई छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा-पीटा. उनके साथ बदसलूकी की गई. नोएडा में हुई इस घटना के संज्ञान में आने के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने एक ट्वीट में कहा, 'मैंने नोएडा में अफ्रीकी छात्रों पर हमले के बारे में यूपी सरकार से रिपोर्ट मांगी है.' इस ट्वीट के बाद हरकत में आई नोएडा पुलिस ने नाइजीरियाई छात्रों के साथ बदसलूकी करने वालों की पहचान शुरू कर दी है.
I have asked for a report from Government of Uttar Pradesh about the reported attack on African students in Noida.
— Sushma Swaraj (@SushmaSwaraj)
एसपी सिटी सुजाता सिंह ने आजतक.in को बताया कि मार्केट और मॉल में लगे सीसीटीवी के जरिए बवाल काटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. उनको चिन्हित करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. छात्र की मौत मामले में केस दर्ज है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चला है. मृतक का विसरा सुरक्षित रखा गया है. हिरासत में लिए गए नाइजीरियाई छात्रों को दोष सिद्ध नहीं होने पर रिहा कर दिया गया है. इस मामले की जांच जारी है.
बताते चलें कि 25 मार्च को ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में रहने वाले छात्र मनीष खारी की मौत हो गई थी. बताया जा रहा है कि उसकी ड्रग्स के ओवरडोज से हुई है. क्योंकि छात्र जब अपने घर आया, तो वह बेचैन था. उसे उल्टियां हो रही थी. अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी. उसके पिता ने के उस्मान अब्दुल कादिर, मोहम्मद आमिर, सईद कबीर, अब्दुल उस्मान और सईद अबु वकार के खिलाफ थाने में हत्या का केस दर्ज कराया था.