Delhi Double Death Case: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक घर के अंदर दो बहनों की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं उनकी मां घर के एक कमरे में बेहोश हालत में मिली, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस इस मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है. शुरुआती जांच में इसे मर्डर-सुसाइड की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि असल सच सामने लाने के लिए पुलिस को बेहोश महिला के होश में आने का इंतजार है.
ऐसे सामने आया पूरा मामला
यह मामला गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे सामने आया. बताया जा रहा है कि जब महिला का पति काम से घर लौटा तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. कई बार आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे शक हुआ. इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और अंदर पहुंची तो जो मंजर सामने था, वह बेहद चौंकाने वाला था.
अलग-अलग कमरों में मिली लाश
पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो उन्हें दो अलग-अलग कमरों में दोनों बहनों की लाश मिली. एक युवती के चेहरे पर तकिया रखा हुआ था, जिससे दम घुटने की आशंका जताई जा रही है. वहीं दूसरी युवती के गले में कपड़े या पट्टी जैसा फंदा लगा हुआ था. दोनों बहनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया. शुरुआती जांच में यह मामला बेहद रहस्यमय नजर आ रहा है.
तीसरे कमरे में बेहोश मिली मां
इसी घर के तीसरे कमरे में पुलिस को दोनों बहनों की मां बेहोश हालत में मिली. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने महिला को दिल्ली के एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. फिलहाल वह होश में नहीं हैं, इसलिए पुलिस उनका बयान नहीं ले पाई है. जांच एजेंसियों का मानना है कि महिला के होश में आने के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम की असली कहानी सामने आ सकेगी.
दोनों बहनों की पहचान
पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने मृतकों की पहचान 33 और 28 साल की दो सगी बहनों के रूप में की है. जानकारी के मुताबिक बड़ी बहन दिव्यांग थी, जबकि छोटी बहन ने हाल ही में कानून की पढ़ाई पूरी की थी. दोनों अपने परिवार के साथ उसी घर में रहती थीं. परिवार के लोग उन्हें बेहद शांत और पढ़ाई-लिखाई में रुचि रखने वाली बताते हैं. अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
छोटी बहन के हाथ पर कट के निशान
जांच के दौरान पुलिस को छोटी बहन के हाथ पर कट के निशान भी मिले हैं. इसके अलावा उसके गले पर क्रेप बैंडेज से कसाव के संकेत मिले हैं, जिससे यह शक गहराता जा रहा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई हो सकती है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी. फिलहाल हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.
कमरे में मिली नैफ्थलीन की गोलियां
पुलिस को उस कमरे में नैफ्थलीन की गोलियां भी मिली हैं, जहां मां बेहोश पड़ी थी. इस वजह से जांच एजेंसियों को शक है कि महिला ने खुदकुशी की कोशिश भी की हो सकती है. हालांकि यह अभी सिर्फ आशंका है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही इस बारे में कोई ठोस नतीजा निकाला जा सकेगा.
परिवार और पड़ोस में पसरा सन्नाटा
यह परिवार तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहता था. उसी घर की पहली मंजिल पर मृतकों के दादा-दादी रहते हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर उनके भाई का परिवार रहता है. पड़ोसियों के मुताबिक यह परिवार इलाके में काफी सम्मानित माना जाता था. पड़ोसी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने इतने सालों में इस परिवार को हमेशा शांत और अच्छे व्यवहार वाला पाया है. अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है.
हर पहलू खंगाल रही है पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि कोविड महामारी के समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. हालांकि यह विवाद इस घटना से जुड़ा है या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए हैं. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी संभावित एंगल की जांच की जा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि कहीं मां ने ही अपनी दोनों बेटियों की हत्या करने के बाद आत्महत्या की कोशिश तो नहीं की. मामले की जांच अभी जारी है.