दिल्ली की एक सड़क पर सोमवार तड़के ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. दिल्ली पुलिस का एक कांस्टेबल अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर सवार होकर घर से निकला, लेकिन कुछ ही मिनट बाद उसी पति ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से पत्नी को गोली मार दी. घायल महिला सड़क पर तड़पती रह जाती है और आरोपी मौके से फरार हो गया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस अब फरार कांस्टेबल की तलाश में जुटी है और इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की पूरी कहानी खंगाल रही है.
दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में एलबीएस अस्पताल के पास सोमवार तड़के करीब तीन बजे यह वारदात हुई. पुलिस के अनुसार, आरोपी कॉन्स्टेबल मनीष भाटी अपनी पत्नी प्रियंका भाटी के साथ स्कूटी से घर से निकला था. दोनों पूर्वी विनोद नगर में रहते थे और उनकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी. रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गई.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, एलबीएस अस्पताल के पास दोनों स्कूटी से उतरकर बातचीत करने लगे. उसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से पत्नी के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही प्रियंका सड़क पर गिर गईं. इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक और कुछ स्थानीय लोगों ने घायल महिला को बिना समय गंवाए एलबीएस अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद प्रियंका को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस जांच में सबसे अहम सबूत घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मानी जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. जांच अधिकारी फुटेज के आधार पर आरोपी की गतिविधियों और घटना के क्रम का विश्लेषण कर रहे हैं. इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं.
कौन है आरोपी मनीष भाटी?
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष भाटी पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है. उसकी पत्नी प्रियंका एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस की शुरुआती जांच और पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था. पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगी. फिलहाल, घरेलू विवाद को जांच का प्रमुख आधार माना जा रहा है.
पुलिस ने प्रियंका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच आगे बढ़ाई जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. फिलहाल, सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपी कॉन्स्टेबल को जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाना है.
ये है कत्ल की वजह!
दिल्ली में बीच सड़क पत्नी की हत्या के मामले में अब एक ऐसा दस्तावेज सामने आया है, जिसने पूरे केस को नया मोड़ दे दिया है. यह दस्तावेज मृतका प्रियंका की ओर से महिला अपराध शाखा को दी गई लिखित शिकायत है. शिकायत में प्रियंका ने अपने पति, दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी, सास, ससुर और जेठ पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, जान से मारने की धमकी और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग भी की थी.
शिकायत के अनुसार प्रियंका और मनीष की शादी 8 फरवरी 2023 को हुई थी. प्रियंका ने आरोप लगाया कि शादी से पहले ही ससुराल पक्ष ने 25 लाख रुपये और एक बड़ी कार की मांग की थी. उनका कहना था कि शादी के कुछ ही दिनों बाद मनीष शराब पीकर घर आने लगा, गाली-गलौज और मारपीट करता था. शिकायत में यह भी कहा गया कि कई बार उसका गला दबाने की कोशिश की गई, फोन छीन लिया गया और दहेज कम लाने का ताना देकर लगातार प्रताड़ित किया गया.
प्रियंका ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया था कि मनीष का शादी से पहले किसी दूसरी युवती से संबंध था और इस बात का विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि कई मौकों पर मनीष ने देसी कट्टा और सर्विस पिस्टल सिर पर रखकर जान से मारने की धमकी दी. इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने कहा था कि वह उसे रास्ते से हटाकर दूसरी शादी करना चाहता है. इन घटनाओं के बाद प्रियंका कई बार मायके चली गईं, लेकिन परिवार के समझाने पर फिर ससुराल लौट आई थीं.
शिकायत के आखिर में प्रियंका ने आरोप लगाया कि पति और उसके परिवार ने दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी तथा कई बार उनकी हत्या की कोशिश भी की. उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें और उनके परिवार को मनीष से जान का खतरा है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. अब प्रियंका की हत्या के बाद यह शिकायत जांच का अहम हिस्सा बन गई है. पुलिस इस दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.