scorecardresearch
 

पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर हत्या की साजिश! रंजिश के चलते सर्वेश को ट्रैप में फंसाकर किया मर्डर, नदी में फेंकी लाश

बेलगावी में पुरानी रंजिश के चलते युवक सर्वेश कांगरालाकर की हत्या का मामला सामने है. पुलिस के मुताबिक इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद महिला ने उसे बुलाया और आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी. बाद में लाश को मलप्रभा नदी में फेंक दिया. पढ़ें इस साजिश की पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

बेलगावी में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने खूनी साजिश का खुलासा कर दिया. पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश में बदला लेने के लिए आरोपी ने एक महिला के जरिए युवक को ट्रैप में फंसाया. महिला ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर सर्वेश कांगरालाकर को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और कई दिनों तक उससे बातचीत की. इसके बाद दोनों ने फोन नंबर शेयर किए और मुलाकात भी शुरू हो गई.

मृतक सर्वेश कांगरालाकर बेलगावी के मारुति नगर का रहने वाला था. पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले सर्वेश कांगरालाकर और शशि जलगरकर के बीच एक जमीन पर शेड बनाने को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ और आरोप है कि सर्वेश ने शशि पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. शशि का एक निजी अस्पताल में इलाज हुआ और वह ठीक हो गया. पुलिस को शक है कि इसके बाद शशि ने अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की साजिश रची.

पुलिस जांच के मुताबिक, कथित साजिश में शशि ने अपने दोस्त दशरथ राजपूत की गर्लफ्रेंड का इस्तेमाल किया. महिला ने इंस्टाग्राम के जरिए सर्वेश से दोस्ती की और लगातार उससे चैट करती रही. कुछ समय बाद दोनों ने फोन पर बात करना शुरू कर दिया और कथित तौर पर होटल और पार्क में मुलाकात भी हुई. पुलिस का कहना है कि जब आरोपियों को भरोसा हो गया कि सर्वेश उस महिला के प्रति आकर्षित हो गया है, तब अगला कदम उठाया गया.

Advertisement

20 सितंबर को महिला ने कथित तौर पर सर्वेश को गणेश प्रतिमा देखने और घूमने के लिए अपने साथ चलने को कहा. इसके बाद दोनों खानपुर की तरफ गए. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान शशि और उसके साथी कथित तौर पर उनका पीछा कर रहे थे. रास्ते में आरोपियों ने सर्वेश को रोककर अगवा कर लिया और धारदार हथियारों से उस पर हमला किया. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सर्वेश की लाश को खानपुर में मालप्रभा नदी में फेंक दिया गया.

सर्वेश के घर नहीं लौटने पर उसके पिता प्रभाकर ने अगले दिन माल मारुति पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो इलाके में मिले एक अज्ञात शव को सर्वेश से जोड़कर देखा गया. जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की मदद से संदिग्धों तक पहुंच बनाई. इसके बाद शशि जलगड़कर (33), राहुल जलगड़कर (30), दशरथ राजपूत (23) और अरुण हुलोली (22) को गिरफ्तार किया गया.

पुलिस के मुताबिक, जिस महिला ने कथित तौर पर सर्वेश को मिलने के लिए बुलाया था, वह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement