उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक महिला ने खुदकुशी कर ली, क्योंकि उसका पति नए मोबाइल फोन के लिए उसे पैसे नहीं दे पाया. यह घटना मीरापुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के खेड़ी सराय गांव की है, जहां शुक्रवार को 27 साल की राधिका ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतका राधिका का पति आशीष शर्मा काम के सिलसिले में ओडिशा में रहता है. राधिका पिछले कुछ समय से अपने पति से एक नया मोबाइल फोन दिलाने की मांग कर रही थी. उसने पति से नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए 10 हजार रुपए मांगे थे.
लेकिन उसे महज 2000 रुपए ही मिले. आशीष की मां प्रेमो ने बताया कि राधिका 10 हजार रुपए के लिए अड़ी हुई थी.
पति ने कम पैसे भेजे, तो वो नाराज हो गई. इसके चलते उसने शुक्रवार को घर के अंदर फांसी लगा लिया. राधिका का एक तीन साल का बेटा है, जिसे अब अपनी मां के बिना ही जिंदगी बितानी होगी. इस मामूली सी जिद के इस खौफनाक अंत ने पूरे गांव को सन्न कर दिया है.
सूचना मिलते ही मीरापुर पुलिस मौके पर पहुंची. महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मीरापुर थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने शनिवार को बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से आत्महत्या का मामला नजर आ रहा है. पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा. मृतिका के परिजनों को भी पुलिस ने सूचित कर दिया है.