होटल का कमरा बंद था. अंदर एक शादीशुदा आदमी एक दूसरी युवती के साथ मौजूद था. बाहर उसकी पत्नी पहुंच चुकी थी. दरवाजा खुला तो पत्नी ने जो देखा, उसके बाद होटल में हंगामा मच गया. पत्नी ने पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ लिया. पहले सवाल-जवाब हुए, फिर गुस्सा बढ़ा और देखते ही देखते पति को थप्पड़ पड़ने लगे. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.
मामला मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा का है. यहां औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के प्रेसिडेंट होटल में यह घटनाक्रम हुआ.
फोन आया, विवाद हुआ और शक गहरा गया
जानकारी के मुताबिक, विजय आचार्य गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर पर था. इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया. पत्नी ने फोन के बारे में पूछा तो कथित तौर पर दोनों के बीच विवाद हो गया.
पत्नी का आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने उसके साथ मारपीट भी की. दो बच्चों की मां पत्नी को इसके बाद पति पर शक हुआ. उसने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी और खुद जावरा के प्रेसिडेंट होटल पहुंच गई. फिर जो हुआ, उसका वीडियो सामने आया है.
होटल के कमरे में दूसरी महिला के साथ मिला पति
पत्नी ने होटल के कमरे में पति को एक दूसरी युवती के साथ देखा. इसके बाद उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. वायरल वीडियो में महिला पति से सवाल करती नजर आती है. वह उसे याद दिलाती है कि दोनों ने लव मैरिज की थी. इसके बाद महिला पति को थप्पड़ मार देती है.
वीडियो में पत्नी दूसरी युवती से भी सवाल करती सुनाई देती है. वह कहती है- ''तू अपने आपको क्या समझती है? तू बहुत पहले से मेरी नजर में है. खैर मना कि मैंने तुझ पर हाथ नहीं उठाया.''
इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस के सामने भी पत्नी पति को चांटा मार देती है.
वीडियो में पति और पत्नी के बीच काफी देर तक कहासुनी होती दिखाई दे रही है. होटल में मौजूद लोगों के बीच भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हलचल मच गई.
पत्नी बोली- 'इसने मुझसे लव मैरिज की थी'
वायरल वीडियो में पत्नी बार-बार अपनी शादी का हवाला देती नजर आ रही है. उसका कहना है कि पति ने उससे लव मैरिज की थी. देखें VIDEO:-
मामला सिर्फ पति-पत्नी के बीच हुए विवाद तक नहीं रुका. घटना के बाद महिला औद्योगिक क्षेत्र थाना, जावरा पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस अब मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है.
रतलाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल ने मामले में कार्रवाई की पुष्टि की है.
फिलहाल इस पूरे मामले का सबसे ज्यादा चर्चा में आया हिस्सा वही वीडियो है, जिसमें पत्नी होटल के कमरे में पति को दूसरी महिला के साथ पकड़ने के बाद अपना गुस्सा जाहिर करती दिखाई दे रही है.
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम के अलावा कमरे के अंदर वास्तव में क्या हुआ था, यह पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा.