scorecardresearch
 

जहर मिलाकर खिलाई बिरयानी, फिर घोंटा गला... पिता ने इस बात पर कर दिया नाबालिग बेटी का कत्ल, वजह कर देगी हैरान

मुंबई के वडाला में दूसरी शादी का विरोध करने पर 45 वर्षीय पिता पर 20 साल की बेटी रिफत को बिरयानी में जहर देकर और गला घोंटकर मारने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो-ITG)
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है (फोटो-ITG)

मुंबई में एक पिता पर अपनी 20 साल की बेटी की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी दोनों बेटियां इस फैसले के खिलाफ थीं. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. आरोप है कि पिता ने पहले बड़ी बेटी की चिकन बिरयानी में जहर मिलाया और फिर उसका गला घोंट दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.

आरोपी की पहचान 45 वर्षीय शरीफ रजा हुसैन खान के रूप में हुई है. वह पेशे से बढ़ई (कारपेंटर) है और मुंबई के वडाला ईस्ट स्थित मडोना कॉलोनी, शेख मिस्त्री दरगाह रोड इलाके में अपने तीन बच्चों के साथ रहता था. उसके परिवार में 20 साल की बेटी रिफत, 16 साल की बेटी नुजहत और 10 साल का बेटा अहमद है. नवंबर 2025 में उसकी पत्नी की कैंसर से मौत हो गई थी. इसके बाद शरीफ दूसरी शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी दोनों बेटियां इसके लिए तैयार नहीं थीं.

पुलिस के मुताबिक, रिफत अपने पिता की दूसरी शादी का खास तौर पर विरोध कर रही थी. इस मुद्दे पर पिता और बेटियों के बीच अक्सर बहस होती थी. जांचकर्ताओं को आशंका है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपनी दोनों बेटियों को निशाना बनाने की योजना बनाई. हालांकि, हत्या के पीछे के हालात और आरोपी की मंशा की जांच अभी जारी है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में छोटी बेटी नुजहत की जान बच गई, क्योंकि वह घटना वाली रात अपनी मौसी के घर चली गई थी.

Advertisement

यह घटना 2 अक्टूबर की है. पुलिस के मुताबिक, शरीफ दोनों बेटियों के लिए चिकन बिरयानी लेकर घर पहुंचा था. आरोप है कि उसने बिरयानी में जहर मिला दिया था, जिसके बाद रिफत और नुजहत ने खाना खाया. इसके बाद दोनों सोने के लिए घर की छत पर चली गईं. कुछ समय बाद उमस के कारण नुजहत अपनी मौसी गौसिया के घर चली गई. पुलिस को शक है कि अगर वह घर पर रुकती, तो वह भी आरोपी के हमले का शिकार हो सकती थी.

3 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे शरीफ कथित तौर पर गौसिया के घर पहुंचा. उसने रिश्तेदारों को बताया कि रिफत बेसुध पड़ी है, कोई हरकत भी नहीं कर रही है. इसके बाद परिवार के लोग रिफत को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के समय रिफत के मामा अबू खान लुधियाना में थे. उन्हें फोन पर रिफत की मौत की जानकारी दी गई. 

परिवार के मुताबिक, शुरुआत में ऐसा जताया गया कि बिरयानी खाने के बाद फूड पॉइजनिंग होने से उसकी मौत हुई है. पुलिस के अनुसार, रिफत को अस्पताल ले जाने के दौरान शरीफ का व्यवहार संदिग्ध लगा. डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर निशान देखे, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई. चूंकि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी, इसलिए पोस्टमार्टम कराया गया. 

Advertisement

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम में दम घुटने और गर्दन पर दबाव पड़ने के संकेत मिले. गर्दन पर लिगेचर यानी किसी चीज से दबाव पड़ने के निशान भी सामने आए. जांच के लिए नमूने सुरक्षित रखे गए, ताकि उनकी हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच और रासायनिक विश्लेषण कराया जा सके. पोस्टमार्टम से मिली जानकारी और घटनाक्रम की जांच के आधार पर वडाला पुलिस ने शरीफ रजा हुसैन खान को गिरफ्तार कर लिया. 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसे पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. जांच के दौरान बिरयानी में जहर मिलाने और गला घोंटने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे दूसरी शादी को लेकर हुआ विवाद किस हद तक जिम्मेदार था. मामले में आगे की कार्रवाई जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement