महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक 22 वर्षीय युवक के खिलाफ एक महिला और उसकी नाबालिग बहन के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. इस बीच, भाजपा विधान परिषद सदस्य (MLC) चित्रा वाघ ने इस घटना को 'लव जिहाद' का मामला बताया है. डहानू की उप पुलिस अधीक्षक अंकिता कानसे ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के बाद 1 जून को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है जो लगातार तलाश कर रही हैं. हालांकि, पुलिस ने मामले की अधिक जानकारी साझा नहीं की है.
भाजपा नेता चित्रा वाघ के गंभीर आरोप
भाजपा नेता चित्रा वाघ ने इस सिलसिले में डहानू पुलिस स्टेशन का दौरा किया. इसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कई गंभीर आरोप लगाए. चित्रा वाघ ने दावा किया कि स्टूडेंट वीजा के बहाने पालघर से शिक्षित लड़कियों की लंदन में अवैध तस्करी की जा रही है और इसे 'लव जिहाद' के तहत अंजाम दिया जा रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी का घर अनधिकृत है और उन्होंने उस अवैध ढांचे को गिराने की मांग की. वाघ ने कहा, 'आधे घंटे में जैन और मारवाड़ी समुदाय के चार परिवारों ने मुझसे मिलकर अपनी आपबीती सुनाई. महिलाओं को जाल में फंसाया जा रहा है और सीधे स्टूडेंट वीजा पर लंदन भेजा जा रहा है. जो मुस्लिम युवक अपना खर्च तक नहीं उठा सकते, वे अंतरराष्ट्रीय वीजा सुरक्षित करने के लिए रहस्यमयी तरीके से लाखों रुपये दे रहे हैं.'
'गुजरात पैटर्न' लागू करने की मांग
चित्रा वाघ ने कहा कि वह इस मामले पर एक विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपेंगी, जिनके पास गृह विभाग का प्रभार है. उन्होंने महाराष्ट्र में 'गुजरात पैटर्न' लागू करने की वकालत की.