scorecardresearch
 

घर में घुसे, हाथ बांधे और मुंह पर टेप लगाकर किया मर्डर... गुरुग्राम में लूटपाट कर ऐसे फरार हुए बदमाश

गुरुग्राम के सोहना स्थित गांव दौलाह में नीतू नाम की महिला को लूटपाट के चलते बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया. पति के घर लौटने पर बाथरूम में उसकी लाश मिलने पर इस कत्ल का खुलासा हुआ. अब पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

गुरुग्राम के सोहना इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला की हत्या और लूटपाट का मामला सामने आया है. गांव दौलाह में घर में अकेली मौजूद नीतू को अज्ञात बदमाशों ने बंधक बना लिया. आरोप है कि बदमाशों ने महिला के दोनों हाथ बांध दिए और उसके चेहरे व मुंह पर टेप लपेट दी. इस दौरान दम घुटने से महिला की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में रखे संदूक और अलमारियों को खंगालकर कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

घटना का खुलासा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब नीतू के पति प्रशांत स्कूल से बच्चों को लेकर घर लौटे. प्रशांत एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं. घर पहुंचने पर उन्होंने कमरे में सामान बिखरा हुआ देखा, जिससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई.

इसके बाद वह घर के अंदर पहुंचे तो बाथरूम में पत्नी का बंधा हुआ शव देखकर उनके होश उड़ गए. घर में लूटपाट और पत्नी की हत्या का पता चलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.

परिजन आनन-फानन में नीतू को सोहना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या और लूटपाट की इस वारदात से गांव में मातम पसर गया.

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. महिला की हत्या किसने और किस मकसद से की, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है.

Advertisement

घटना की सूचना मिलने के बाद सोहना के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) मुकेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की.

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए.

पुलिस का कहना है कि हत्यारों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल, मामले में आरोपियों की पहचान, लूटे गए सामान और हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement